
नेशनल डेस्क: नोएडा की सड़कों पर गुरुवार को यमराज घूमते नजर आए। यमराज किसी को परलोक ले जाने नहीं बल्कि लोगों को चेताने आए थे कि आपकी जान कितनी कीमती है और इसे सड़क दुर्घटना में न गंवाएं। दरअसल नोएडा पुलिस यमराज बनकर सड़क पर घूम रही थी। नोएडा में नवंबर को यातायात महीने के रूप में मनाया जा रहा है।
गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने 16 नवंबर को भी कई जगहों पर जागरूकता अभियान चलाया और सड़कों पर ट्रैफिक विभाग के लोग यमराज बनकर लोगो को जागरूक करते दिखाई दिए। इसके साथ ही अलग-अलग जगहों पर कुल 5253 चालान काटे गए। यातायात पुलिस की रोड सेफ्टी सेल द्वारा प्रचार-प्रसार वाहन पर LED के माध्यम से फेस-2, नंगला, पर्थला, नॉर्थ आई चौक, सेक्टर 52 मेट्रो स्टेशन, गढ़ी गोलचक्कर एवं छिजारसी पर आमजन व वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई और उनका पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
साथ ही ट्रैफिक नुक्कड नाटक के माध्यम से आमजन एवं वाहन चालकों को एकत्रित कर यातायात नियमों की जानकारी दी गई तथा उनका पालन करने के लिए जागरूक किया गया। इसके साथ ही सेक्टर 37 एवं महामाया फ्लाई ओवर के निकट सहायक सभागीय परिवहन अधिकारी के साथ संयुक्त अभियान चलाकर फिटनेस समाप्त यात्री वाहनों (डबल डेकर) व क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर चलने वाले वाहनों (ओवर लोड) के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करते हुए 10 बसों को सीज एवं 59 वाहनों के विरूद्ध ई-चालान की कार्रवाई की गई। साथ ही, बिना हेलमेट 3279, बिना सीट बेल्ट 156, विपरीत दिशा 367, तीन सवारी 58, मोबाइल फोन का प्रयोग 31, बिना डीएल 58, दोषपूर्ण नंबर प्लेट 73, रेड लाइट का उल्लंघन 84, नो पार्किंग 509 और अन्य 333 चालान काटे गए।
साथ ही, ग्रैप के अंतर्गत (BS-3 और BS-4 के पेट्रोल वाले वाहनों के विरुद्ध) कार्रवाई करते हुए, ध्वनि प्रदूषण 29, वायु प्रदूषण 59, BS-3 और BS-4 209 यानि 5253 कुल ई-चालान काटे गए और यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कुल 23 वाहनों को सीज किया गया।
मेष: दिन शुभ रहेगा...