Site icon Dainik Savera Times

विरोध प्रदर्शन के बीच ईरान से भारत लौटे लोग, भारत सरकार का जताया आभार

People return to India from Iran amidst protests

People return to India from Iran amidst protests

इंटरनेशनल डेस्क: ईरान में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच कई भारतीय नागरिक शुक्रवार को सुरक्षित दिल्ली लौट आए। भारत लौटे लोगों और उनके परिजनों ने बताया कि ईरान में हालात तेजी से बिगड़ रहे थे, जिस कारण डर और चिंता का माहौल बन गया था। ऐसे समय में भारतीय दूतावास और भारत सरकार की मदद से उनकी सुरक्षित वापसी संभव हो सकी।

ईरान से लौटे एक भारतीय नागरिक ने बताया कि वहां की स्थिति काफी खराब थी। कई इलाकों में प्रदर्शन हो रहे थे और आम लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। उन्होंने कहा कि भारत सरकार और दूतावास ने समय रहते सूचना दी और ईरान छोड़ने में पूरा सहयोग किया। उनका कहना था कि सरकार की तत्परता की वजह से वे सुरक्षित अपने देश लौट पाए।

ये भी पढ़ें: ईरान पर हमले की अटकलों के बीच ट्रंप के बदले सुर, ईरानी नेतृत्व को कहा ‘Thank you ’

एक अन्य भारतीय ने बताया कि शुरुआत में हालात सामान्य लग रहे थे, लेकिन धीरे-धीरे समस्याएं बढ़ने लगीं। इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क बंद कर दिया गया था, जिससे परिवार से संपर्क पूरी तरह टूट गया। उन्होंने कहा कि जब वे बाहर निकलते थे तो प्रदर्शनकारी सड़कों पर आ जाते थे और कई बार गाड़ियों के सामने खड़े हो जाते थे, जिससे डर का माहौल बन जाता था।

ईरान से लौटे लोगों के परिवार वालों ने भी राहत की सांस ली है। एक परिवार के सदस्य ने बताया कि उनकी रिश्तेदार ईरान यात्रा पर गई थीं और अचानक हालात बिगड़ने से सभी परेशान हो गए थे। कई दिनों तक कोई संपर्क नहीं हो पाया, जिससे चिंता और बढ़ गई थी। भारत सरकार के सहयोग से जब वे सुरक्षित भारत लौटीं, तो पूरे परिवार को बड़ी राहत मिली।

एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि उनकी मां और चाची ईरान में थीं और तीन दिनों तक उनसे कोई बात नहीं हो सकी। इंटरनेट बंद होने के कारण कोई जानकारी नहीं मिल पा रही थी। अब जब वे सुरक्षित भारत लौट आई हैं, तो परिवार बेहद खुश है और सरकार का आभार जता रहा है।

इस बीच तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी कर ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों, छात्रों, व्यापारियों, तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को उपलब्ध साधनों के जरिए देश छोड़ने की सलाह दी। वहीं विदेश मंत्रालय ने नई दिल्ली से जारी चेतावनी में कहा कि जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते, भारतीय नागरिक ईरान की यात्रा से बचें। ईरान में रह रहे भारतीय किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन या धरने में शामिल न हों और पूरी सतर्कता बरतें।

ये भी पढ़ें: India Weather Update: भीषण सर्दी के बीच जारी हुआ बारिश का अलर्ट, जानें पहाड़ों पर कब होगी बर्फबारी

ईरान में ये विरोध प्रदर्शन 28 दिसंबर को तेहरान के ग्रैंड बाजार से शुरू हुए थे। इसकी मुख्य वजह ईरानी मुद्रा रियाल की कीमत में भारी गिरावट बताई जा रही है। बाद में ये प्रदर्शन देश के कई हिस्सों में फैल गए। विशेषज्ञों के अनुसार, मुद्रा गिरने के पीछे कई कारण हैं, जिनमें गंभीर जल संकट, बिजली कटौती, बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई जैसी समस्याएं शामिल हैं। इन्हीं कारणों से लोगों में गुस्सा बढ़ा और सड़कों पर विरोध देखने को मिला।

Exit mobile version