नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 15 दिसंबर से चार दिनों के विदेशी दौरे पर रवाना हो रहे हैं। इस दौरान वे तीन देशों—जॉर्डन, इथियोपिया और ओमान की यात्रा करेंगे। इस यात्रा का मकसद भारत के इन देशों के साथ रिश्तों को और मजबूत करना है, खासकर व्यापार, रक्षा, निवेश और क्षेत्रीय सुरक्षा के क्षेत्रों में।
तीन देशों की यात्रा का पूरा कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा 15 दिसंबर से शुरू होकर 18 दिसंबर तक चलेगी।
-15–16 दिसंबर: जॉर्डन
-16–17 दिसंबर: इथियोपिया
-17–18 दिसंबर: ओमान
-जॉर्डन दौरा: द्विपक्षीय रिश्तों पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के पहले चरण में जॉर्डन जाएंगे। यहां वे जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला द्वितीय बिन अल हुसैन से मुलाकात करेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस यात्रा से भारत और जॉर्डन के संबंध और मजबूत होंगे। दोनों नेता आपसी सहयोग, व्यापार, निवेश और पश्चिम एशिया में शांति व स्थिरता जैसे मुद्दों पर बातचीत करेंगे। इससे क्षेत्रीय शांति को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
पहली बार जाएंगे पीएम मोदी इथियोपिया यात्रा पर
16 दिसंबर को प्रधानमंत्री मोदी इथियोपिया के लिए रवाना होंगे। यह उनकी पहली इथियोपिया यात्रा होगी। अदीस अबाबा में प्रधानमंत्री मोदी इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस दौरान दोनों देश व्यापार, विकास, तकनीकी सहयोग और अफ्रीका-भारत साझेदारी जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे। यह दौरा भारत और अफ्रीकी देशों के रिश्तों को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।
ओमान दौरा…
इथियोपिया के बाद प्रधानमंत्री मोदी 17 दिसंबर को ओमान पहुंचेंगे। यहां वे ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक से मुलाकात करेंगे। भारत और ओमान के बीच द्विपक्षीय संबंधों को 70 साल पूरे हो चुके हैं। इसी अवसर पर पीएम मोदी की यह यात्रा खास मानी जा रही है। साल 2023 के बाद यह उनकी ओमान की दूसरी यात्रा होगी। इस दौरान दोनों देश ऊर्जा, व्यापार, समुद्री सुरक्षा और प्रवासी भारतीयों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
यात्रा का मुख्य उद्देश्य
प्रधानमंत्री मोदी की इस तीन देशों की यात्रा का मुख्य लक्ष्य है—
-भारत के वैश्विक रिश्तों को मजबूत करना
-व्यापार और निवेश को बढ़ावा देना
-रक्षा और सुरक्षा सहयोग को आगे बढ़ाना
-क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय शांति में भारत की भूमिका को मजबूत करना
-यह यात्रा भारत की विदेश नीति के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है।
ये भी पढ़ें: पंजाब में घना कोहरा, 18 जिलों में येलो अलर्ट जारी, 16 दिसंबर से बढ़ेगी सर्दी