Last Updated: November 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

गृह मंत्री से लेकर 7 बार लोकसभा सांसद बनने तक… जानें कैसा रहा शिवराज पाटिल का राजनीतिक सफर

December 12, 2025

गृह मंत्री से लेकर 7 बार लोकसभा सांसद बनने तक… जानें कैसा रहा शिवराज पाटिल का राजनीतिक सफर

नेशनल डेस्क: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और देश के पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल का शुक्रवार सुबह महाराष्ट्र के लातूर में निधन हो गया। वे 90 साल के थे। लंबे समय तक सक्रिय राजनीति में रहने वाले पाटिल ने अपने जीवन में कई अहम जिम्मेदारियां संभालीं और देश की राजनीतिक यात्रा में बड़ा योगदान दिया।

शिवराज पाटिल का बड़ा नेता बनने का सफर

शिवराज पाटिल का जन्म 12 अक्टूबर 1935 को महाराष्ट्र के लातूर जिले के चाकूर गांव में हुआ था। वे एक सामान्य और मेहनती परिवार से आते थे। पाटिल ने अपनी शुरुआती पढ़ाई पूरी करने के बाद कानून (Law) की पढ़ाई की और यहीं से उनका नेतृत्व कौशल उभरकर सामने आने लगा। इसके बाद उन्होंने धीरे-धीरे राजनीति में कदम रखा और आगे चलकर वे भारतीय राजनीति के एक मर्यादित और सुलझे हुए नेता के रूप में पहचाने गए।

स्थानीय राजनीति से शुरू हुआ राजनीतिक करियर

शिवराज पाटिल ने राजनीति की शुरुआत स्थानीय निकायों से की। वे लातूर नगरपालिकाध्यक्ष रहे। इसके बाद 1973 से 1980 तक लातूर ग्रामीण क्षेत्र से विधायक भी चुने गए। स्थानीय राजनीति में लोकप्रियता बढ़ने के बाद पाटिल ने राष्ट्रीय राजनीति की ओर कदम बढ़ाया और 1980 में पहली बार लोकसभा पहुंचे।

सात बार बने लोकसभा सांसद

पाटिल अपने जीवन में सात बार लातूर लोकसभा सीट से सांसद चुने गए। उनकी सादगी, शांति और शालीन आचरण के कारण वे संसद में हमेशा सम्मानित नेता माने जाते थे। उनकी कार्यशैली को देखते हुए उन्हें 10 जुलाई 1991 से 22 मई 1996 तक लोकसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।

केंद्रीय गृह मंत्री और पंजाब राज्यपाल

पाटिल पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी सरकार में रक्षा राज्य मंत्री रह चुके थे। बाद में वे 22 मई 2004 से 30 नवंबर 2008 तक देश के केंद्रीय गृह मंत्री भी रहे। इसके अलावा वह पंजाब के राज्यपाल रहे और उन्होंने 2010 से 2015 तक चंडीगढ़ केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासक के रूप में भी कार्य किया।

गृह मंत्री के रूप में चुनौतियां

गृह मंत्री के तौर पर पाटिल का कार्यकाल काफी चुनौतीपूर्ण रहा। इसी दौरान देश को कई बड़ी सुरक्षा चुनौतियों का सामना करना पड़ा। सबसे बड़ा झटका 2008 के 26/11 मुंबई आतंकवादी हमले ने दिया, जिसने पूरे देश को हिलाकर रख दिया। इस हमले के बाद सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल उठे और पाटिल को कड़ी आलोचना झेलनी पड़ी। लंबे विचार-विमर्श के बाद उन्होंने गृह मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया, हालांकि इसके बाद भी वे राजनीति और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे।

राजनीति में मर्यादा और संयम का प्रतीक

शिवराज पाटिल अपनी शांत स्वभाव, सादगी और अनुशासित कार्यशैली के लिए जाने जाते थे। भारतीय राजनीति में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। साधारण परिवार से उठकर देश के गृह मंत्री और लोकसभा अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों तक पहुंचना उनकी मेहनत और ईमानदारी का बड़ा उदाहरण है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें