अब हर जगह पहुंचेंगी डाक
इस संबंध में रेल डाक सेवा (RMS) यू मंडल, मुजफ्फरपुर के अधीक्षक डॉ. आशुतोष आदित्य ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य उन क्षेत्रों तक डाक सेवाएं पहुंचाना है, जहां नियमित डाकघर नहीं हैं या सेवाओं की पहुंच सीमित है। विभाग चाहता है कि आम लोगों को उनके नजदीक ही डाक संबंधी सुविधाएं मिल सकें और युवाओं को रोजगार का नया अवसर प्राप्त हो। फ्रेंचाइजी प्राप्त करने वाले व्यक्ति स्पीड पोस्ट, रजिस्टर्ड डाक और पार्सल बुकिंग की सुविधा उपलब्ध करा सकेंगे। इसके अलावा डाक टिकट और राजस्व टिकट की बिक्री भी कर सकेंगे।
योजनाओं का करना होगा प्रचार
उन्हें डाक जीवन बीमा (पीएलआई) और ग्रामीण डाक जीवन बीमा (आरपीएलआई) सहित विभाग की विभिन्न योजनाओं के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी भी दी जाएगी। डाक विभाग इन सेवाओं के संचालन के बदले निर्धारित दर पर कमीशन देगा। इससे फ्रेंचाइजी संचालकों को नियमित आय प्राप्त होगी। विभाग का मानना है कि कम लागत में शुरू होने वाली यह योजना बेरोजगार युवाओं के लिए स्वरोजगार का प्रभावी माध्यम बन सकती है। फ्रेंचाइजी शुरू होने से स्थानीय लोगों, छोटे व्यापारियों और विद्यार्थियों को काफी राहत मिलेगी।
अब नहीं पड़ेगी स्पीड पोस्ट की जरूरत
अब उन्हें स्पीड पोस्ट, पार्सल बुकिंग और रजिस्ट्री जैसे कार्यों के लिए मुख्य डाकघर या आरएमएस कार्यालय तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ये सभी सुविधाएं उनके नजदीकी क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेंगी। फ्रेंचाइजी के लिए आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है। साथ ही कम से कम दसवीं पास होना अनिवार्य है। इच्छुक व्यक्ति प्रधान डाकघर परिसर स्थित अधीक्षक कार्यालय, आरएमएस ‘यू’ डिवीजन, मुजफ्फरपुर से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन के साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड और शैक्षणिक प्रमाण-पत्र जमा करना होगा। आवेदन की जांच और भौतिक सत्यापन के बाद पात्र आवेदकों का चयन किया जाएगा।
जमा कराना होगा किसान विकास पत्र
चयनित अभ्यर्थियों को सुरक्षा निधि के रूप में 10 हजार रुपये का किसान विकास पत्र (KVP) या राष्ट्रीय बचत पत्र (NSC) जमा करना होगा। डाक विभाग को उम्मीद है कि पोस्ट ऑफिस फ्रेंचाइजी योजना बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का नया द्वार खोलेगी। इसके माध्यम से जहां युवाओं को अपनी आय का स्थायी साधन मिलेगा, वहीं डाक सेवाएं भी गांव-गांव और आम लोगों तक अधिक सुलभ हो सकेंगी।
Also Read :

