Site icon Dainik Savera Times

दूल्हा बनने की थी तैयारी, बच्चे संग पहुंच गई पहली, फिर…

preparing-for-groom-first-one-arrived

preparing-for-groom-first-one-arrived

Preparing For Groom, First One Arrived : महराजगंज। यह मामला केवल एक पारिवारिक विवाद नहीं, बल्कि एक ऐसी महिला की पीड़ा की कहानी है जो अपने वैवाहिक अधिकारों और सम्मान के लिए संघर्ष कर रही है। पति की दूसरी शादी की तैयारी की सूचना मिलते ही मासूम बच्चे को साथ लेकर ससुराल पहुंची पत्नी ने घर के दरवाजे पर ही डेरा डाल दिया और वहीं रहने की जिद पर अड़ गई।

तीन तलाक कह निकाल दिया था घर से

सास-ससुर से तीखी नोकझोंक, गांव में बढ़ता तनाव और मौके पर पहुंची पुलिस के हस्तक्षेप ने इस पूरे घटनाक्रम को चर्चा का विषय बना दिया। महिला का आरोप है कि दहेज की मांग और उत्पीड़न के बीच अब पति दूसरी शादी रचाने की तैयारी कर रहा है, जिससे उसका संघर्ष और गहरा हो गया है। महिला का कहना है कि उसके पति ने उसे तीन तलाक कहकर घर से निकाल दिया था। मामला न्यायिक एवं पुलिस प्रक्रिया में लंबित है। इसी बीच उसे सूचना मिली कि उसका पति दूसरी शादी करने की तैयारी कर रहा है और समाज में यह प्रचारित किया जा रहा है कि वह स्वयं ससुराल छोड़कर चली गई।

पहली ने खुद को बताया वैध पत्नी

इससे आहत होकर महिला अपने छोटे बच्चे के साथ ससुराल पहुंची और खुद को वैध पत्नी बताते हुए घर में रहने का अधिकार मांगने लगी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। विवाद बढ़ने की सूचना मिलने पर भिटौली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे तक चले विवाद और हंगामे के बाद पुलिस ने महिला को समझाकर वहां से उसके मां-बाप के घर भेज दिया की शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

आरोपी पर है दहेज का मामला दर्ज

महिला की ओर से लगाए दहेज उत्पीड़न और प्रताड़ना के आरोपों को लेकर पहले से ही भिटौली थाने में मुकदमा दर्ज है जिसकी जांच एवं कानूनी कार्रवाई लंबित है। वहीं दूसरी शादी की आशंका को लेकर भी महिला ने संबंधित अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि मामले में कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए दोनों पक्षों की बात सुनी जा रही है तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के बीच पहले से ही मामला न्यायालय में है।

Also Read :

Exit mobile version