Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिंदू नववर्ष पर रामनगरी में भव्य आयोजन: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी श्रीराम यंत्र की स्थापना

March 19, 2026

हिंदू नववर्ष पर रामनगरी में भव्य आयोजन: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी श्रीराम यंत्र की स्थापना

अयोध्या: हिंदू नववर्ष प्रतिपदा के पावन अवसर पर आज देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंदिर के द्वितीय तल पर अयोध्या के श्रीराम यंत्र की विधिवत स्थापना करेंगी। इस भव्य समारोह में लगभग सात हजार विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे, जिससे यह आयोजन आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बन गया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अयोध्या पहुंचीं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने उनका स्वागत किया।

मंदिर पहुंचने के बाद राष्ट्रपति सबसे पहले रामलला के दरबार में दर्शन कर आशीर्वाद लेंगी। इसके पश्चात वे लिफ्ट के माध्यम से मंदिर के दूसरे तल पर जाकर श्रीराम यंत्र की स्थापना और वैदिक पूजन अनुष्ठान में भाग लेंगी। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी और कई संत-धर्माचार्य उपस्थित रहेंगे।

दर्शन-पूजन और सामाजिक समरसता का संदेश

श्रीराम यंत्र स्थापना के बाद राष्ट्रपति प्रथम तल पर राम परिवार का दर्शन-पूजन एवं आरती करेंगी। इसके बाद वे सप्तमंडपम में स्थापित महर्षि वाल्मीकि, माता शबरी और निषादराज के मंदिरों में भी दर्शन करेंगी। इस क्रम को सामाजिक समरसता और वंचित वर्गों के सम्मान के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।

इसके बाद राष्ट्रपति कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगी, जहां औपचारिक समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण से होगी, जिसके बाद विभिन्न संतों और गणमान्य व्यक्तियों के संबोधन होंगे। अंत में राष्ट्रपति का उद्बोधन होगा। दोपहर लगभग तीन बजे तक कार्यक्रम संपन्न होगा और 3:15 बजे राष्ट्रपति दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।

श्रमिकों से संवाद की संभावना

इस ऐतिहासिक अवसर पर राष्ट्रपति मंदिर निर्माण में योगदान देने वाले श्रमिकों से भी संवाद कर सकती हैं। समारोह में राम मंदिर आंदोलन से जुड़े कारसेवक, लगभग 300 संत-धर्माचार्य, 300 एजेंसियों के प्रतिनिधि और 400 से अधिक श्रमिक सहित कुल 1800 कर्मी विशेष रूप से आमंत्रित किए गए हैं। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा, जिससे देश-विदेश के श्रद्धालु इस दिव्य क्षण के साक्षी बन सकें।

अयोध्या में भव्य तैयारियां

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर अयोध्या में व्यापक तैयारियां की गई हैं। नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने मिलकर शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया है। मंदिर परिसर, सरयू घाटों और प्रमुख मार्गों पर सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य तेज़ी से किया गया है।

संत तुलसीदास घाट और सरयू स्नान घाट सहित कई स्थानों पर विशेष प्रकाश व्यवस्था की गई है। इसके अलावा अंडरपासों को भी सजाया गया है, जिससे शाम के समय भी क्षेत्र सुरक्षित और आकर्षक दिखे।

करीब 500 सफाई कर्मचारियों को विभिन्न मार्गों और स्थलों पर तैनात किया गया है, जो राष्ट्रपति के प्रस्थान तक निरंतर सफाई सुनिश्चित करेंगे।

ये भी पढ़ें:

अभिजीत मुहूर्त में होगी स्थापना

श्रीराम यंत्र की स्थापना आज अभिजीत मुहूर्त में ठीक सुबह 11:55 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच की जाएगी। यह दिन हिंदू नववर्ष और चैत्र नवरात्रि के आरंभ का भी प्रतीक है। मान्यता है कि इस शुभ अवसर पर की गई स्थापना अत्यंत फलदायी होगी और देश में समृद्धि तथा सकारात्मक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करेगी। यह ऐतिहासिक आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत और एकता का भी प्रतीक बनकर उभर रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें