यात्रा के दौरान स्वराज आश्रम जाकर सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे राहुल गांधी

कांग्रेस नेता शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि यात्रा 7 मार्च को अपराह्न करीब 3 बजे दाहोद में राज्य में प्रवेश करेगी और चार दिन में सात जिलों में करीब 400 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

अहमदाबाद: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के गुजरात चरण के दौरान मंदिरों में पूजा-अर्चना करेंगे और सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि देने के लिए बारडोली में ऐतिहासिक स्वराज आश्रम जाएंगे। यह जानकारी पार्टी पदाधिकारियों ने सोमवार को दी।

कांग्रेस नेता शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि यात्रा 7 मार्च को अपराह्न करीब 3 बजे दाहोद में राज्य में प्रवेश करेगी और चार दिन में सात जिलों में करीब 400 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

गोहिल ने संवाददाताओं से कहा, “यात्रा के गुजरात चरण के तहत 27 नुक्कड़ सभाएं और छह जन सभाएं होंगी। कुछ दूरी कार और बसों से तय की जाएगी, जबकि शहरी क्षेत्रों में पैदल मार्च किया जाएगा।’’ उन्होंने कहा कि आठ मार्च को गांधी महाशिवरात्रि के मौके पर पूजा-अर्चना करेंगे और पारंपरिक पोशाक में आदिवासी महिलाएं उनका स्वागत करेंगी क्योंकि उस दिन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस भी है।

यात्रा के दौरान गांधी 10 मार्च को सूरत जिले के बारडोली में ऐतिहासिक स्वराज आश्रम भी जाएंगे, जो सरदार पटेल से जुड़ा है। सरदार पटेल ने 1922 में इसे अपना निवास बनाया था और यह अंग्रेजों द्वारा किसानों पर कर बढ़ाए जाने के खिलाफ आंदोलन और राष्ट्रवादी आंदोलन, बारडोली सत्याग्रह का अहम केंद्र था।

कांग्रेस नेता सिद्धार्थ पटेल ने कहा कि महात्मा गांधी 1936 से 1941 के बीच हर साल एक महीने के लिए आश्रम में रुकते थे। उन्होंने कहा, ‘‘10 मार्च को न्याय यात्रा बारडोली स्थित स्वराज आश्रम जाएगी। जब हम न्याय की बात कर रहे हैं तो बारडोली सत्याग्रह का महत्व है। इससे यह साबित हुआ कि लोग न्याय के लिए खुद लड़ सकते हैं। सरदार पटेल यहां सरदार निवास नामक कमरे में कई वर्षों तक रहे थे।” पार्टी नेताओं के अनुसार, हिंसा प्रभावित पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर से शुरू हुई यात्रा 67 दिनों की अवधि में 110 जिलों में 6,713 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद 20-21 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी।

- विज्ञापन -

Latest News