Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

रेलवे की बड़ी पहलः स्लीपर कोच में भी मिलेगी बेडरोल की सुविधा, जानें कितने रुपये करने पड़ेंगे खर्च

December 1, 2025

रेलवे की बड़ी पहलः स्लीपर कोच में भी मिलेगी बेडरोल की सुविधा, जानें कितने रुपये करने पड़ेंगे खर्च

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार नई सेवाएं शुरू करता रहता है। अब रेलवे ने स्लीपर क्लास में सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक बड़ी और बेहद उपयोगी सुविधा शुरू करने का फैसला किया है। अब तक बेडरोल (चादर, कंबल, तकिया और तकिया कवर) सिर्फ एसी कोच में ही दिया जाता था, लेकिन आने वाले समय में यह सुविधा स्लीपर कोच में भी उपलब्ध होगी। यह सुविधा ऑन डिमांड और ऑन पेमेंट मॉडल पर मिलेगी।

कब से शुरू होगी यह सुविधा
साउथ रेलवे के चेन्नई डिविजन ने जानकारी दी है कि 1 जनवरी 2026 से चुनी हुई ट्रेनों में स्लीपर क्लास के यात्रियों को बेडरोल उपलब्ध कराया जाएगा। यह बेडरोल पूरी तरह साफ-सुथरा, सैनिटाइज्ड और तुरंत इस्तेमाल करने योग्य होगा। यात्री इसे ट्रेन के अटेंडेंट से मांगकर ले सकेंगे।

इस सेवा को पहले 2023-24 में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया था और यात्रियों की तरफ से अच्छा रिस्पांस मिला। इसी कारण अब इसे स्थायी रूप से लागू करने का फैसला लिया गया है।

 

अब तक स्लीपर कोच में यात्रा करने वालों को अपना कंबल, चादर, तकिया खुद ले जाना पड़ता था, जिससे उनका सामान बढ़ जाता था। खासकर सर्दियों में यह समस्या और बढ़ जाती थी। लेकिन नई सुविधा के बाद यात्री बिना अतिरिक्त सामान ले जाए, जरूरत के अनुसार बेडरोल ले सकेंगे।

 

बेडरोल लेने पर कितना लगेगा खर्च

रेलवे ने इसकी कीमतें काफी किफायती रखी हैं ताकि हर यात्री इसे आसानी से ले सके।

-एक बेडशीट : 20 रुपये

-तकिया + तकिया कवर : 30 रुपये

-पूरा सेट (बेडशीट + तकिया + कवर) : 50 रुपये

-यानी सिर्फ 50 रुपये में यात्री एक साफ-सुथरा पूरा बेडरोल सेट ले पाएंगे।

 

किन ट्रेनों में सबसे पहले मिलेगी सुविधा

शुरुआत में यह सुविधा चेन्नई डिविजन की 10 ट्रेनों में लागू की जाएगी। इन ट्रेनों में यात्री ऑन डिमांड बेडरोल ले सकेंगे

  1. 12671/12672 — नीलगिरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस
  2. 12685/12686 — मैंगलोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस
  3. 16179/16180 — मन्नारगुड़ी एक्सप्रेस
  4. 20605/20606 — तिरुचेंदुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस
  5. 22651/22652 — पालघाट एक्सप्रेस
  6. 20681/20682 — सिलंबु सुपरफास्ट एक्सप्रेस
  7. 22657/22658 — तांबरम–नागरकोइल सुपरफास्ट एक्सप्रेस
  8. 12695/12696 — त्रिवेंद्रम सुपरफास्ट एक्सप्रेस
  9. 22639/22640 — अल्लेप्पी सुपरफास्ट एक्सप्रेस
  10. 16159/16160 — मैंगलोर एक्सप्रेस

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें