Last Updated: October 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

Haryana : होटल मालिक से फिरौती मांगने वाले तीन काबू, मांगा था ‘गुंडा टैक्स’

April 17, 2026

Haryana : होटल मालिक से फिरौती मांगने वाले तीन काबू, मांगा था ‘गुंडा टैक्स’

सिरसा। यहां बदमाशों ने कंगनपुर फाटक के पास स्थित होटल ब्लू बेरी के होटल संचालक दीपक कुमार से फिरौती के तौर पर दो लाख रुपये की मांग की। कहा कि होटल चलाना है तो गुंडा टैक्स देना होगा।

होटल के बाहर कर रहे थे इंतजार

मिली जानकारी के अनुसार दीपक कुमार जब अपना काम खत्म कर बाहर निकले, तो उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि बाहर मौत का सामान लिए कुछ युवक उनका इंतजार कर रहे हैं। बदमाशों ने न केवल दीपक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की, बल्कि फिल्मी अंदाज में कनपटी पर रिवाल्वर तान दी। पीड़ित ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि बाइक सवार युवकों ने उन्हें बुरी तरह धमकाया। बदमाशों का सीधा कहना था कि अगर शहर में होटल चलाना है और जिंदा रहना है तो ‘गुंडा टैक्स’ के रूप में 2 लाख रुपये देने होंगे।

पुलिस की घेराबंदी में फंसे आरोपी

आरोपियों ने चेतावनी दी थी कि अगर दोबारा होटल पर दिखाई दिए या पैसे नहीं मिले, तो अंजाम बुरा होगा। इस घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी अर्शदीप सिंह के नेतृत्व में खैरपुर पुलिस चौकी की टीम ने तफ्तीश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट्स के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। सटीक सूचना मिलने पर पुलिस ने कंगनपुर फाटक क्षेत्र में ही दबिश देकर तीन युवकों अमनदीप उर्फ साधू, मनप्रीत सिंह उर्फ मनी और सोनल उर्फ सन्नी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी सिरसा के अलग-अलग मोहल्लों और पास के गांवों के रहने वाले हैं।

निशानदेही पर पकड़ा सामान

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और वह लाइसेंसी रिवाल्वर भी बरामद कर ली है, जिसे दिखाकर फिरौती मांगी गई थी। डीएसपी अर्शदीप सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ जबरन वसूली और आर्म्स एक्ट के तहत सख्त मामला दर्ज किया गया है। तीनों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह ने पहले भी किसी व्यापारी को निशाना बनाया है या नहीं।

 

Also Read :

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें