Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

MPC की बैठक आज से शुरू, ब्याज दरों में कटौती पर होगी समीक्षा

June 4, 2025

MPC की बैठक आज से शुरू, ब्याज दरों में कटौती पर होगी समीक्षा

Repo rate : ब्याज दरों की समीक्षा के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति कमेटी (MPC) की बैठक बुधवार से शुरू हो गई है। अर्थशास्त्रियों और इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का मानना है कि केंद्रीय बैंक रेपो रेट में 25 आधार अंक या 0.25 प्रतिशत की कटौती कर सकता है। RBI के गवर्नर संजय मल्होत्रा 6 जून को MPC के फैसलों का ऐलान करेंगे। इससे पहले की दो MPC बैठकों में केंद्रीय बैंक द्वारा रेपो रेट में 50 आधार अंक की कटौती की जा चुकी है, जिसके कारण रेपो रेट घटकर 6 प्रतिशत पर आ गया है।

अर्थव्यवस्था में ब्याज दर कटौती की सकारात्मक परिस्थितियों के कारण बाजार के जानकार मान रहे हैं कि इस बार केंद्रीय बैंक रेपो रेट में 25 आधार अंक की कटौती कर सकता है, जिससे यह घटकर 5.75 प्रतिशत पर आ जाएगी, जो कि फिलहाल 6 प्रतिशत है। महंगाई दर RBI के मध्यम अवधि के लक्ष्य 4 प्रतिशत से लगातार नीचे बनी हुई है, जबकि हाल ही में अमेरिकी नीतिगत कदमों जैसे बाहरी झटकों के कारण जीडीपी वृद्धि में नरमी दिख रही है।

कई रेटिंग एजेंसियों और वैश्विक संस्थानों ने वित्त वर्ष 26 के लिए भारत के जीडीपी विकास अनुमानों को घटा दिया है। हालांकि आरबीआई ने अप्रैल में अपने 6.5 प्रतिशत विकास अनुमान को बनाए रखा, लेकिन अन्य ने अनुमानों को संशोधित कर 6.0 प्रतिशत से 6.3 प्रतिशत की सीमा तक कर दिया है।

बजाज ब्रोकिंग रिसर्च ने कहा, ‘MPC ने स्पष्ट रूप से न्यूट्रल से अकोमोडेटिव रुख अपनाया है, जो RBI की तरलता बढ़ाने और विकास को समर्थन देने की मंशा को दर्शाता है। अप्रैल में खुदरा महंगाई दर के 3.2 प्रतिशत पर आ जाने से यह स्थिति और मजबूत हुई है, जो जुलाई 2019 के बाद महंगाई का सबसे कम स्तर है।‘

हाल ही में आई SBI की रिपोर्ट में बताया गया था कि अनिश्चित माहौल को संतुलित करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) जून MPC में रेपो रेट में 50 आधार अंक तक की कटौती कर सकता है।

SBI रिपोर्ट में कहा गया, ‘हमारा अनुमान है कि RBI विकास दर को सपोर्ट करने के लिए रेपो रेट में 50 आधार अंक की कटौती कर सकता है।‘ वहीं, बैंक ऑफ बड़ौदा की रिपोर्ट का कहना है कि आने वाली RBI MPC में रेपो रेट में 25 आधार अंक की कटौती हो सकती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें