Last Updated: November 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

बिना लिंक पर क्लिक किए हो रहा नया स्कैम, कोड डायल से ठगों का मोबाइल पर कंट्रोल, ऐसे करें बचाव

May 23, 2026

बिना लिंक पर क्लिक किए हो रहा नया स्कैम, कोड डायल से ठगों का मोबाइल पर कंट्रोल, ऐसे करें बचाव

नेशनल डेस्क: एक नए प्रकार का स्कैम तेजी से फैल रहा है, जो बिना किसी लिंक पर क्लिक करें ही लोगों को अपना निशाना बना रहा है। इस नए फ्रॉड को ‘कॉल फॉरवर्डिंग स्कैम’ कहा जा रहा है। साइबर अपराधी लोगों को झांसे में लेकर उनके फोन में कॉल फॉरवर्डिंग चालू करवा देते हैं। इसके बाद व्यक्ति के मोबाइल पर आने वाली सभी कॉल सीधे ठगों के नंबर पर पहुंचने लगती हैं।

कैसे होता है यह स्कैम?

हाल ही में सामने आए एक मामले में एक व्यक्ति को फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को एक भरोसेमंद संस्था का कर्मचारी बताया और कहा कि उसका एक पार्सल कहीं अटक गया है। उसने मदद करने के बहाने एक विशेष कोड डायल करने के लिए कहा। धोखेबाज ने दावा किया कि इस कोड को डायल करने से कॉल किसी वरिष्ठ अधिकारी तक ट्रांसफर हो जाएगी, लेकिन वास्तव में वह कोड फोन में ‘अनकंडीशनल कॉल फॉरवर्डिंग’ चालू करने वाला था, जैसे ही व्यक्ति ने कोड डायल किया, उसके मोबाइल पर आने वाली हर कॉल अपराधी के नंबर पर जाने लगी। इसमें बैंक से आने वाले OTP, वेरिफिकेशन कॉल और अन्य जरूरी कॉल भी शामिल थीं।

ठगों को कैसे मिलता है फायदा?

जब किसी बैंक या ऑनलाइन सेवा की ओर से OTP भेजा जाता है, तो कई बार उसकी पुष्टि फोन कॉल के जरिए भी होती है। कॉल फॉरवर्डिंग चालू होने के बाद ये कॉल सीधे अपराधियों तक पहुंच जाती हैं। इस तरह ठग बिना मोबाइल हैक किए या कोई वायरस डाले, लोगों के बैंक खाते, सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य ऑनलाइन सेवाओं तक पहुंच बनाने की कोशिश करते हैं।

कैसे सामने आया मामला?

व्यक्ति को कुछ समय बाद अपने फोन में असामान्य गतिविधियां दिखाई दीं। हालांकि मोबाइल में किसी वायरस या संदिग्ध ऐप का कोई संकेत नहीं मिला। इसके बाद तकनीकी जांच और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद ली गई। जांच में पता चला कि फोन में कॉल फॉरवर्डिंग सक्रिय थी। AI सिस्टम ने कॉल लॉग और फोन सेटिंग्स की जांच कर उपयोगकर्ता को यह सुविधा बंद करने का तरीका बताया, जिससे आगे होने वाला नुकसान रोका जा सका।

ऐसे रहें सुरक्षित

साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उनके अनुसार कुछ सावधानियां अपनाकर इस तरह के फ्रॉड से बचा जा सकता है।

1. अगर कोई कॉल करके किसी कोड को डायल करने के लिए कहे, तो पहले उसकी आधिकारिक पुष्टि जरूर करें। बिना जानकारी के कोई भी USSD कोड डायल करना खतरनाक हो सकता है।

2. जहां संभव हो SMS OTP की बजाय ऑथेंटिकेटर ऐप आधारित टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल करें। इससे OTP चोरी होने का खतरा कम हो जाता है।

3. अपने फोन में अवैध कॉल फॉरवर्डिंग बंद करने के लिए समय-समय पर ##002# डायल करें। यह कोड सभी कॉल फॉरवर्डिंग सेटिंग्स को हटाने में मदद करता है।

4. अगर किसी धोखाधड़ी का संदेह हो, तो तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या भारत सरकार के साइबर पोर्टल पर रिपोर्ट करें।

क्यों बढ़ रहा है खतरा?

विशेषज्ञों का कहना है कि साइबर अपराधी अब लोगों को फंसाने के लिए नई और ज्यादा चालाक तकनीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं। पहले जहां फर्जी लिंक और मैलवेयर आम हथियार थे। वहीं अब साधारण फोन कॉल और तकनीकी सेटिंग्स का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। ऐसे में डिजिटल सुरक्षा को लेकर जागरूक रहना बेहद जरूरी हो गया है। थोड़ी सी लापरवाही आपकी निजी जानकारी और बैंकिंग सुरक्षा को खतरे में डाल सकती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें