नई दिल्ली: एयर इंडिया विमान दुर्घटना की जांच के तहत सुरक्षा एजेंसियों ने अहमदाबाद हवाई अड्डे पर ग्राउंड हैंडलिंग स्टाफ से पूछताछ की और उनके फोन जब्त कर लिए।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विमान के ग्राउंड हैंडलिंग से जुड़े सभी कर्मचारियों से पूछताछ की गई है और उनके बयान दर्ज किए गए हैं।
अधिकारी ने कहा, “घटना के बाद, उड़ान भरने की अनुमति देने से पहले विमान का निरीक्षण करने वाले ग्राउंड हैंडलिंग स्टाफ से पूछताछ की गई है और आगे की जांच के लिए उनके फोन जब्त कर लिए गए हैं।” अधिकारी ने आगे बताया कि एजेंसी ने हवाईअड्डा परिसर की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग जांच के लिए अपने कब्जे में ले ली है। उन्होंने कहा, “यह घटना के सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की गई 360 डिग्री जांच है। एजेंसियों ने विमान दुर्घटना में तोड़फोड़ की आशंका से इनकार नहीं किया है।”
12 जून को, एयर इंडिया का बोइंग ड्रीमलाइनर 787-8 विमान एआई 171 अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही सेकंड बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
पिछले गुरुवार को दोपहर करीब 1.30 बजे उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान ने अपनी ऊंचाई खो दी थी। पायलट ने एटीसी को ‘मेडे’ डिस्ट्रेस कॉल जारी किया था।
सोमवार को बोइंग की एक टीम जांच के लिए दुर्घटनाग्रस्त स्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डेड (सीवीआर) और दूसरे ब्लैक बॉक्स को सफलतापूर्वक बरामद कर लिया। पहला ब्लैक बॉक्स शुक्रवार को खोजा गया।
विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) के तहत जांच चल रही है।
ये भी पढ़ें- बाइक से सांड टकराने पर पिता की हुई मौत, सदमे में बेटी ने भी त्याग दिए प्राण

