Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

इंग्लैंड को 179 रन पर समेटकर दक्षिण अफ्रीका ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया

March 1, 2025

इंग्लैंड को 179 रन पर समेटकर दक्षिण अफ्रीका ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया

कराची। दक्षिण अफ्रीका ने शनिवार को यहां ग्रुप बी के अपने अंतिम मैच में मुश्किलों से जूझ रही इंग्लैंड की टीम को 179 रन पर समेट दिया जिससे उसने और ऑस्ट्रेलिया ने चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया। सेमीफाइनल की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुके इंग्लैंड को रन-रेट के आधार पर अफगानिस्तान को क्वालीफाई करने का मौका देने के लिए कम से कम 207 रन से जीत की जरूरत थी। लेकिन वह टूर्नामेंट के सबसे कम स्कोर पर सिमट गई। दक्षिण अफ्रीका के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मार्को यानसेन (39 रन देकर तीन विकेट) ने नयी गेंद से तीन महत्वपूर्ण विकेट चटकाकर कमाल कर दिया। मध्य के ओवरों में वियान मुल्डर (25 रन देकर तीन विकेट) और केशव महाराज (35 रन देकर दो विकेट) ने दबाव बनाया, जिससे दक्षिण अफ्रीका ने मैच के परिणाम निकले बिना ही नॉकआउट में अपनी जगह पक्की कर ली। यह देखना बाकी है कि ग्रुप बी में कौन शीर्ष पर रहता है और इससे यह तय होगा कि नॉकआउट चरण में भारत और न्यूजीलैंड किससे खेलेंगे।

इंग्लैंड के वनडे कप्तान के रूप में अपने अंतिम मैच में जोस बटलर ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। लेकिन यह दाव उल्टा पड़ गया क्योंकि यानसेन ने शुरुआत में ही कहर बरपा दिया जिससे सातवें ओवर तक इंग्लैंड का स्कोर तीन विकेट पर 37 रन हो गया। सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट (08) ने यानसेन की उछाल लेती गेंद पर बल्ला छुआ दिया और पवेलियन लौट गए जबकि जेमी स्मिथ (शून्य) शॉर्ट बॉल को समझने में विफल रहे। इसके बाद बेन डकेट (24) यानसेन को उनकी ही गेंद पर कैच थमा बैठे। इससे इंग्लैंड का शीर्ष क्रम चरमरा गया।

हैरी ब्रुक (19) और जो रूट (37) ने 62 रन की साझेदारी करके वापसी की कोशिश की। लेकिन जब यह साझेदारी मजबूत होती दिख रही थी तभी दक्षिण अफ्रीका ने लगातार दो विकेट झटक लिए। महाराज की गेंद पर ब्रुक बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की लेकिन डीप में यानसेन को शानदार कैच लपक लिया। वहीं रूट को मुल्डर ने बोल्ड किया। इंग्लैंड की मुश्किलें तब और बढ़ गईं जब लियाम लिविंगस्टन (09) और जेमी ओवरटन (11) भी जल्दी ही आउट हो गए जिससे 26वें ओवर में टीम का स्कोर सात विकेट पर 129 रन हो गया। बटलर (21) और जोफ्रा आर्चर (25) ने 42 रन की साझेदारी करके स्कोर को कुछ सम्मानजनक बनाया। लेकिन मुल्डर ने आर्चर को आउट कर दिया और फिर इंग्लैंड के कप्तान भी लुंगी एनगिडी ने धीमी गेंद पर आउट हो गए।

ये भी पढ़ें: देश की संसद में होने जा रहा बड़ा बदलाव, आज पेश होंगे महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें