
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के इतिहास में शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 50 साल बाद दिल्ली को नया ड्रेनेज मास्टर प्लान समर्पित किया। एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर की गरिमामयी उपस्थिति में इस योजना का अनावरण किया गया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह नया मास्टर प्लान दिल्ली को जलभराव की समस्या से स्थायी समाधान देगा। उन्होंने कहा कि दशकों तक दिल्लीवासियों को बरसात के दिनों में जलभराव की विकट स्थिति का सामना करना पड़ा, लेकिन उनकी सरकार के प्रयासों से इस साल की बरसात में हालात बदले।
जहां वर्षो तक पानी भरता था, वहां इस बार जलभराव नहीं हुआ, यह केवल शुरूआत है। आने वाले वर्षो में दिल्ली को पूरी तरह जलभराव मुक्त बनाया जाएगा, मुख्यमंत्री ने दृढ़ता से कहा। इस मास्टर प्लान को अगले 30 वर्षो की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। पिछली बार वर्ष 1976 में ड्रेनेज मास्टर प्लान बना था, जब दिल्ली की आबादी लगभग 60 लाख थी। आज करीब 2 करोड़ की आबादी और तीव्र शहरीकरण के बीच यह नई योजना समय की सबसे बड़ी जरूरत थी। योजना के अंतर्गत सीवर और ड्रेनेज व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा, ताकि राजधानी न केवल सुरक्षित बने बल्कि नागरिकों को भी राहत मिल सके। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और दृष्टिकोण की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत इस योजना का लोकार्पण प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर होना प्रतीकात्मक है।
यह दशार्ता है कि सरकार दिल्लीवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर समर्पित है। कार्यक्रम में सांसद मनोज तिवारी, योगेंद्र चांदोलिया, बांसुरी स्वराज, दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, रविंद्र इंद्राज सिंह सहित कई विधायक और गणमान्यजन मौजूद रहे। सभी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से दिल्ली का भविष्य सुरक्षित और उज्जवल बनेगा। मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रयासों में सरकार का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही यह योजना सफल होगी और आने वाली पीढ़ियों को एक बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक दिल्ली मिलेगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...