चरखी दादरी। झिंजर के खेतों में लगी आग को आंधी ने विकराल बना दिया। एक समय में ये गांव के नजदीक तक पहुंच गई। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाते तो गांव इसकी चपेट में आ सकता था।
चार जिलों से पहुंचे दमकल वाहन
तेज हवाओं ने आग को करीब तीन किलोमीटर तक फैला दिया। आग ने बाहरी हिस्सों को चपेट में लिया। एक मकान तक आग पहुंच गई, लेकिन ग्रामीणों और दमकल विभाग की मुस्तैदी के चलते इसे बचा लिया। एक मंदिर को भी पूरी रात मशक्कत कर सुरक्षित रखा। आग की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चार जिलों से दमकल की गाड़ियां मौके पर बुलाई थी। दमकल कर्मियों और ग्रामीणों ने मिलकर पूरी रात संघर्ष किया और सुबह करीब 7 बजे आग पर काबू पाया जा सका।
ग्रामीणों ने मांगा मुआवजा
ग्रामीणों का कहना है कि अगर दमकल की गाड़ियां समय पर नहीं पहुंचती तो झिंजर गांव का नामोनिशान मिट जाता। इस हादसे में किसानों की फसल जलकर खाक हो गईं और लाखों रुपये का नुकसान हुआ। ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से जल्द मुआवजे की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन भी मौके पर पहुंचा। उपमंडल अधिकारी नागरिक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि शुरुआत में मामूली आग की सूचना मिली थी, लेकिन मौके पर पहुंचने पर हालात बेहद गंभीर पाए गए। स्थिति को देखते हुए तुरंत अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलाई। ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने पहले कभी आग का तांडव नहीं देखा।
Also Read :
Also Read :
Also Read :

