Theft Khatushyam Temple : करनाल। कर्णनगरी के खाटूश्याम मंदिर में चोरों ने देररात चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और वहां रखे दो दानपात्र चोरी कर फरार हो गए।
घटना के बाद मंदिर प्रबंधन और श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है। मौके से मिली जानकारी के अनुसार पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि 2 युवक बाइक पर मंदिर पहुंचे थे। दोनों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए चेहरे ढके हुए थे। मंदिर में घुसने के बाद उन्होंने दानपात्र उठाए और बाइक पर रखकर वहां से निकल गए। सुबह जब मंदिर के पुजारी मंदिर पहुंचे तो उन्होंने मुख्य दरवाजा टूटा देखा। अंदर जांच करने पर दोनों दानपात्र गायब मिले।
इसके बाद मंदिर प्रबंधन को सूचना दी गई और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने CCTV फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शुरुआती अनुमान के अनुसार, चोरी हुए दोनों दानपात्रों में करीब सवा लाख रुपये तक की नकदी हो सकती है। हालांकि वास्तविक राशि का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। मंदिर में तैनात सुरक्षा गार्ड से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात के समय सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के क्षेत्रों में भी जांच तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचकर चोरी की रकम और दानपात्र बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।
Also Read :
मेष: दिन शुभ रहेगा...