Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

मार्च की दस्तक के साथ तेज हुई गर्मी, कई राज्यों में पारा सामान्य से 4–6 डिग्री ऊपर

March 3, 2026

मार्च की दस्तक के साथ तेज हुई गर्मी, कई राज्यों में पारा सामान्य से 4–6 डिग्री ऊपर

Today Weather Update: मार्च की शुरुआत होते ही देश के बड़े हिस्से में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में गर्मी ने समय से पहले ही असर दिखाना शुरू कर दिया है। भारत मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रह सकता है, जिससे दोपहर के समय गर्मी ज्यादा महसूस होगी।

उत्तर-पश्चिम भारत में तेजी से चढ़ रहा पारा
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम की सक्रियता के कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन उसके बाद 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। कई इलाकों में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है।

ये भी पढ़ें- किसके हाथ लगेगी सफलता तो कौन होगा निराश? जानें आज का राशिफल

 

पहाड़ों पर हल्का असर, मैदानी इलाकों में गर्मी कायम
4 मार्च की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू और कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी के आसार हैं। हालांकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम फिलहाल गर्म और शुष्क ही बना रहेगा।

दिल्ली-एनसीआर में होली से पहले बढ़ेगी तपिश
दिल्ली में फरवरी हाल के वर्षों में सबसे गर्म रही और बारिश लगभग न के बराबर दर्ज की गई। मार्च के पहले सप्ताह में भी अधिकतम तापमान सामान्य से 4–5 डिग्री ऊपर रह सकता है। तेज धूप और शुष्क हवाओं के कारण दोपहर में असहजता बढ़ेगी, जबकि सुबह-शाम हल्की ठंडक बनी रह सकती है।

ये भी पढ़ें- हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी 3 मार्च 2026

 

यूपी, बिहार और झारखंड में भी गर्मी का असर
उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में तापमान 3 से 5 डिग्री तक ऊपर चल रहा है। बिहार और झारखंड में भी दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। फिलहाल इन राज्यों में बारिश की संभावना कम है और मौसम शुष्क बना रहेगा।

पूर्वोत्तर और दक्षिण में अलग तस्वीर
अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं केरल और माहे में हल्की वर्षा की संभावना है, जबकि दक्षिण के अन्य हिस्सों में तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर रह सकता है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें