Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

50 प्रतिशत से घटकर 18% हुआ अमेरिकी टैरिफ, रूस से तेल आयात पर भी मिली राहत

February 7, 2026

50 प्रतिशत से घटकर 18% हुआ अमेरिकी टैरिफ, रूस से तेल आयात पर भी मिली राहत

Trade deal: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को बड़ी व्यापारिक राहत देते हुए रूस से कच्चा तेल खरीदने को लेकर लगाए गए 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ को समाप्त करने का ऐलान किया है। यह फैसला भारत की ओर से रूस से तेल आयात रोकने और अमेरिका के साथ ऊर्जा व रक्षा सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता के बाद लिया गया है।

शुक्रवार को जारी एक कार्यकारी आदेश में राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि भारत ने मौजूदा राष्ट्रीय आपातकाल से निपटने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत ने रूसी संघ से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कच्चे तेल के आयात को बंद करने की प्रतिबद्धता जताई है, जिसे अमेरिका ने सकारात्मक रूप से स्वीकार किया है।

ये भी पढ़ें- पंजाब में नए DC रेट लागू, इन कर्मचारियों को मिलेगी बढ़ी हुई सैलरी

 

भारत-अमेरिका ऊर्जा साझेदारी को मिलेगा बढ़ावा
अपने आदेश में ट्रंप ने यह भी कहा कि भारत ने अमेरिका से ऊर्जा उत्पादों की खरीद बढ़ाने का भरोसा दिलाया है। इसके अलावा दोनों देशों के बीच अगले एक दशक के लिए रक्षा सहयोग को मजबूत करने को लेकर एक साझा ढांचे पर सहमति बनी है। राष्ट्रपति के अनुसार, ये कदम अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेश नीति और आर्थिक हितों के अनुरूप हैं।

ट्रंप ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों से मिली जानकारी और सिफारिशों की समीक्षा के बाद वह इस नतीजे पर पहुंचे कि भारत ने कार्यकारी आदेश 14066 में वर्णित आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए अमेरिका के साथ पर्याप्त तालमेल दिखाया है। इसी आधार पर भारत से आयातित वस्तुओं पर लगाए गए अतिरिक्त मूल्य-आधारित शुल्क को हटाने का निर्णय लिया गया।

ये भी पढ़ें- भारत-अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौता, निर्यात, रोजगार और MSME सेक्टर को मिलेगा बढ़ावा

 

50% से घटकर 18% हुआ कुल अमेरिकी टैरिफ
गौरतलब है कि अमेरिका ने पिछले साल भारत पर कुल 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया था। इसमें 25 प्रतिशत जवाबी शुल्क और रूस से कच्चा तेल खरीदने को लेकर लगाया गया 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ शामिल था। बाद में दोनों देशों के बीच हुए व्यापार समझौते के तहत जवाबी टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया था।

भारत-अमेरिका संबंधों में नई मजबूती
इस फैसले को भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी के लिहाज से अहम माना जा रहा है। ऊर्जा, रक्षा और व्यापार जैसे क्षेत्रों में बढ़ते सहयोग से दोनों देशों के रिश्तों को नई गति मिलने की उम्मीद है, जबकि भारत को वैश्विक व्यापार मोर्चे पर भी बड़ी राहत मिली है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें