Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

तटरक्षक बल के दो जहाज ‘अदम्य’ और ‘अक्षर’ हुए लांच

October 28, 2024

तटरक्षक बल के दो जहाज ‘अदम्य’ और ‘अक्षर’ हुए लांच

नयी दिल्ली: भारतीय तट रक्षक ने सोमवार को गोवा शिपयार्ड लिमिटेड (जीएसएल) द्वारा निर्मित दो फास्ट पेट्रोल वेसल (एफपीवी) जहाज ‘अदम्य’ और ‘अक्षर’ एक साथ लॉन्च किये।

भारतीय तटरक्षक के प्रवक्ता ने बताया कि ये जहाज उन आठ जहाजों का हिस्सा है जिनके लिए जीएसएल से 473 करोड़ रूपये का अनुबंध किया गया है। ये दोनों 60 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री के साथ बनाये गये हैं।

ये उन्नत जहाज सुरक्षा, निगरानी और ​​​​नियंत्रण प्रणालियों से लैस हैं और इनसे तटरक्षकों को अपतटीय संपत्तियों और द्वीप क्षेत्रों की रक्षा में मदद मिलेगी। इनकी लंबाई 52 मीटर, चौड़ाई 8 मीटर, अधिकतम गति 27 समुद्री मील है और इसका वजन 320 टन है। जहाजों को अमेरिकन ब्यूरो ऑफ शिपिंग और इंडियन रजिस्टर ऑफ शिपिंग के कड़े दोहरे वर्ग प्रमाणीकरण के तहत आईसीजी की विशिष्ट आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए डिजाइन और निर्मित किया गया है।

जहाज का उद्घाटन और नामकरण महानिदेशक भारतीय तटरक्षक, परमेश शिवमणि की पत्नी प्रिया परमेश द्वारा ‘अथर्ववेद’ के मंत्रों के बीच एक समारोह में किया गया।

महानिदेशक ने सभा को संबोधित करते हुए जीएसएल और विभिन्न उद्योगों के प्रयासों की सराहना की कि सभी जहाजों के निर्माण में स्वदेशी सामग्री का जरूरत के अनुसार इस्तेमाल किया गया है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को हासिल करने के लिए जीएसएल के कर्मचारियों को बधाई देते हुए उन्होंने उन्हें यह सुनिश्चित करने के लिए प्रोत्साहित किया कि रक्षा क्षेत्र में ‘आत्मनिर्भरता’ की दिशा में सही ढंग से आगे बढा जाना चाहिए।

समारोह में जीएसएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक ब्रजेश कुमार उपाध्याय और नौसेना, आईसीजी, जीएसएल और वर्गीकरण समितियों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें