
नेशनल डेस्क: तमिल सिनेमा के मशहूर अभिनेता विजय थलापति आज सिर्फ फिल्मों के नहीं बल्कि राजनीति के भी बड़े सितारे बन चुके हैं। बड़े पर्दे पर कई बार जनता के नेता की भूमिका निभाने वाले विजय अब असल जिंदगी में भी तमिलनाडु की राजनीति में मजबूत पहचान बना चुके हैं। आइए जानते हैं उनके फिल्मी करियर, निजी जिंदगी और राजनीतिक सफर से जुड़ी खास बातें…
फिल्मी परिवार से मिला अभिनय का माहौल
विजय का जन्म 22 जून 1974 को हुआ था। उनका पूरा नाम जोसेफ विजय चंद्रशेखर है। उनके पिता एस.ए. चंद्रशेखर तमिल फिल्मों के जाने-माने निर्देशक हैं और उनकी मां शोभा चंद्रशेखर गायिका हैं। घर में शुरू से ही सिनेमा और संगीत का माहौल था, जिसका असर विजय पर भी पड़ा। अभिनय के साथ-साथ उन्हें गायिकी का भी शौक है।
बचपन में ही शुरू कर दिया था अभिनय
विजय ने बहुत छोटी उम्र में फिल्मों में काम करना शुरू कर दिया था। उन्होंने साल 1984 में फिल्म ‘वेट्री’ से बतौर बाल कलाकार अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद वह कई फिल्मों में नजर आए। खास बात यह रही कि शुरुआती दौर की अधिकतर फिल्मों का निर्देशन उनके पिता ने किया था।
18 साल की उम्र में बने हीरो
बाल कलाकार के रूप में पहचान बनाने के बाद विजय ने हीरो बनने का फैसला किया। साल 1992 में उन्होंने फिल्म ‘नालया थीरपू’ से लीड एक्टर के तौर पर शुरुआत की। हालांकि उनकी पहली फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही और उन्हें अपने लुक को लेकर आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ा। इसके बाद उनके पिता ने अभिनेता विजयकांत के साथ फिल्म ‘सेंथूरपांडी’ बनाई। यह फिल्म हिट साबित हुई और यहीं से विजय का करियर तेजी से आगे बढ़ने लगा।
ये भी पढ़ें: तमिलनाडु में नए राजनितिक युग की शुरुआत, थलापति विजय ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ
कई सुपरहिट फिल्मों से बने बड़े स्टार
विजय ने अपने करियर में दर्जनों हिट फिल्में दी हैं। ‘थेरी’, ‘बीस्ट’, ‘शाहजहां’, ‘लियो’ और ‘द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम’ जैसी फिल्मों ने उन्हें तमिल सिनेमा का बड़ा स्टार बना दिया। साल 2023 में आई ‘लियो’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की थी। आज विजय दक्षिण भारत के सबसे ज्यादा फीस लेने वाले अभिनेताओं में गिने जाते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह एक फिल्म के लिए करीब 250 करोड़ रुपये तक चार्ज करते हैं।
कैसे मिला ‘थलापति’ नाम
साउथ इंडस्ट्री में बड़े सितारों को खास उपनाम देने की परंपरा है। जैसे रजनीकांत को ‘थलाइवा’ कहा जाता है। उसी तरह विजय को ‘थलापति’ नाम मिला। साल 1994 में आई फिल्म ‘रसिगन’ की सफलता के बाद उन्हें ‘इलाया थलापति’ यानी छोटा कमांडर कहा जाने लगा। बाद में 2017 में रिलीज हुई फिल्म ‘मार्सल’ की बड़ी सफलता के बाद फैंस ने उन्हें सिर्फ ‘थलापति’ कहना शुरू कर दिया।
फिल्मों को लेकर कई बार हुआ विवाद
विजय की कई फिल्में विवादों में भी रही हैं। साल 2013 में आई फिल्म ‘थलाइवा’ की टैगलाइन ‘टाइम टू लीड’ को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था। उस समय फिल्म की रिलीज में काफी मुश्किलें आई थीं। इसके अलावा साल 2018 में रिलीज हुई ‘सरकार’ पर भी राजनीतिक पार्टियों ने विरोध जताया था। आरोप था कि फिल्म में सरकारी योजनाओं को गलत तरीके से दिखाया गया है। उनकी फिल्म ‘जन नायकन’ भी लंबे समय से चर्चा में है। सेंसर और कानूनी विवादों के कारण इसकी रिलीज में देरी हुई। फिल्म ऑनलाइन लीक होने की खबरें भी सामने आई थीं।
राजनीति में की एंट्री
फिल्मों में सफलता हासिल करने के बाद विजय ने राजनीति में कदम रखा। फरवरी 2024 में उन्होंने अपनी राजनीतिक पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम यानी टीवीके की घोषणा की। लोकसभा चुनावों के बाद पार्टी ने तेजी से लोकप्रियता हासिल की। विधानसभा चुनाव में टीवीके को बड़ी सफलता मिली और विजय तमिलनाडु की राजनीति का बड़ा चेहरा बनकर उभरे।
रैली में हादसे के बाद विवाद
सितंबर 2025 में करूर में विजय की पार्टी की एक रैली के दौरान भगदड़ मच गई थी। इस हादसे में कई लोगों की मौत हो गई थी और कई घायल हुए थे। घटना के बाद विजय ने मृतकों के परिवारों को आर्थिक मदद देने का ऐलान किया। हालांकि इस मामले में पुलिस ने आयोजकों के खिलाफ केस भी दर्ज किया था। बाद में जांच एजेंसियों ने विजय से भी पूछताछ की।
ये भी पढ़ें: श्री मुक्तसर साहिब में आज लोगों से संवाद करेंगे CM भगवंत मान, गांव साहिब चंद में लगेगी चौपाल
निजी जिंदगी भी रही चर्चा में
विजय ने साल 1999 में यूके में रहने वाली अपनी फैन से शादी की थी। दोनों की शादी लंबे समय तक चर्चा में रही। हाल के समय में दोनों के रिश्ते में दूरियां आने की खबरें सामने आई हैं और तलाक की चर्चाएं भी तेज हुई हैं।
अभिनेत्री तृषा के साथ जुड़ा नाम
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विजय का नाम अभिनेत्री तृषा कृष्णन के साथ भी जोड़ा जाता रहा है। दोनों कई फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं और कई बार साथ दिखाई दिए हैं। हालांकि दोनों ने कभी इन खबरों पर खुलकर बयान नहीं दिया।
राजनीति के नए बड़े चेहरे बने विजय
फिल्मी दुनिया में सुपरस्टार बनने के बाद अब विजय राजनीति में भी मजबूत पहचान बना चुके हैं। उनके समर्थक उन्हें तमिलनाडु की जनता की नई उम्मीद मान रहे हैं। अभिनय से राजनीति तक का उनका सफर लगातार चर्चा में बना हुआ है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...