Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

मौसम 9 Nov 25: उत्तर भारत में बढ़ी सर्दी, कई राज्यों में शीतलहर के आसार

November 9, 2025

मौसम 9 Nov 25: उत्तर भारत में बढ़ी सर्दी, कई राज्यों में शीतलहर के आसार

नेशनल डेस्क: देशभर में बारिश का दौर थमने के बाद अब सर्दी ने दस्तक दे दी है। उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में तापमान तेजी से नीचे गिर रहा है। वहीं दक्षिण भारत में अभी भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई गई है।

उत्तर भारत में बढ़ेगी ठंड

भारत मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि आने वाले कुछ दिनों में पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, दक्षिणी पंजाब, दक्षिणी हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में शीतलहर से लेकर गंभीर शीतलहर जैसी स्थिति बन सकती है। इन इलाकों में रात का तापमान सामान्य से 4 से 7 डिग्री सेल्सियस तक कम रह सकता है। वहीं उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के अन्य क्षेत्रों में भी तापमान औसतन 2 से 5 डिग्री नीचे जा सकता है।

ये भी पढ़ें: भारतीय रेलवे की अगली पीढ़ी की नींव तैयार कर रही हैं वंदे भारत ट्रेन : PM Modi

दक्षिण भारत में बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु, केरल और माहे में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 8 से 13 नवंबर तक इन राज्यों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में बिजली गिरने की भी संभावना है।

दिल्ली-NCR का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में आज तापमान में और गिरावट देखने को मिलेगी। सुबह और शाम के समय हल्का कोहरा रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिससे ठंड और बढ़ सकती है। आज न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है। मौसम में बदलाव को देखते हुए लोगों को गर्म कपड़े पहनने और सेहत का ध्यान रखने की सलाह दी गई है।

उत्तर प्रदेश का मौसम

पश्चिमी यूपी में ठंड में बढ़ोतरी हो सकती है। तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस कम रहेगा। वहीं पूर्वी यूपी में फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन सुबह के समय कोहरा छाने की संभावना है।

बिहार का मौसम

बिहार में अगले 3 से 4 दिनों तक मौसम साफ और शुष्क रहेगा। हालांकि सुबह के वक्त घना कोहरा छा सकता है। राज्य में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे ठंड का असर और बढ़ेगा।

उत्तराखंड में गिरा तापमान

उत्तराखंड में सर्दी तेजी से बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून में अधिकतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। नैनीताल में अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है यानी पहाड़ी इलाकों में ठंड ने पूरी तरह पैर पसार लिए हैं।

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के संकेत

हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने बताया कि ऊपरी इलाकों जैसे लाहौल-स्पीति, किन्नौर और लाहुल घाटी में हल्की बर्फबारी या बारिश हो सकती है। वहीं कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में ठंडी हवाएं और कोहरा छाया रहेगा।

ये भी पढ़ें: राशिफल 9 Nov 25: जानिए किसका चमकेगा भाग्य, किसे रहना होगा सावधान

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें