Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

भाजपा कंगना रनौत पर कांग्रेस नेता की अपमानजनक टिप्पणियों की कानूनी समीक्षा करेगी: जय राम ठाकुर

March 26, 2024

भाजपा कंगना रनौत पर कांग्रेस नेता की अपमानजनक टिप्पणियों की कानूनी समीक्षा करेगी: जय राम ठाकुर

शिमला। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ रहीं अभिनेत्री कंगना रनौत और उनके निर्वाचन क्षेत्र मंडी के खिलाफ कांग्रेस नेताओं की कथित अपमानजनक टिप्पणियों की कानूनी समीक्षा की जाएगी। मंडी को लेकर कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत की टिप्पणी की निंदा करते हुए विपक्ष के नेता ठाकुर ने एक बयान में कहा कि उन्होंने ‘‘बड़ी गलती’’ की है क्योंकि लोग ‘‘छोटी काशी’’ के नाम से जानी जाने वाली और 300 से अधिक मंदिरों की भूमि मंडी में आस्था के साथ आते हैं।

कांग्रेस नेता श्रीनेत और एच एस अहीर ने अपने सोशल मीडिया खातों पर रनौत और मंडी को लेकर ‘‘अपमानजनक टिप्पणियां’’ पोस्ट कर एक बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। ठाकुर ने कहा, ‘‘भाजपा मामले की कानूनी तौर पर समीक्षा कर रही है और इस संबंध में मामला दर्ज करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हिमाचल और विशेषकर मंडी के लोग कांग्रेस को नहीं बख्शेंगे और पार्टी को आगामी लोकसभा चुनावों में न केवल मंडी में बल्कि पूरे राज्य और देश के अन्य हिस्सों में इसके परिणाम भुगतने होंगे।’’

ठाकुर ने कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि खुद एक महिला होने के नाते कांग्रेस प्रवक्ता ने एक अन्य महिला के खिलाफ ऐसी टिप्पणी की है और अब वह यह कहकर पीछे हटने की कोशिश कर रही हैं कि किसी ने उनके दूसरे खाते का इस्तेमाल किया है।’’ इससे पहले, श्रीनेत ने पूरे प्रकरण पर सफाई देते हुए कहा है कि उनके फेसबुक और इंस्टाग्राम खातों तक कई लोगों की पहुंच है और उनमें से किसी ने बेहद अनुचित पोस्ट की। उन्होंने कहा, ‘‘जैसे ही मुझे पता चला मैंने वह पोस्ट हटा दी। जो लोग मुझे जानते हैं, वे यह भी अच्छी तरह जानते हैं कि मैं कभी भी किसी महिला के प्रति व्यक्तिगत और अशोभनीय टिप्पणी नहीं कर सकती। मैं जानना चाहती हूं कि यह कैसे हुआ।’’

ठाकुर ने यह भी पूछा कि श्रीनेत ने उनके खाते का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ क्या कार्रवाई की है और उनके ट्वीट पर कांग्रेसियों द्वारा की गई टिप्पणियों के बारे में उनका क्या कहना है। इससे पहले, रनौत (37) ने भी श्रीनेत पर निशाना साधते हुए कहा था कि उन्होंने विभिन्न भूमिकाएं निभाई हैं और हर महिला सम्मान की हकदार है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘प्रिय सुप्रिया जी, एक कलाकार के रूप में अपने करियर के पिछले 20 वर्षों में मैंने हर तरह की महिला की भूमिका निभाई है। ‘रानी’ में एक भोली लड़की से लेकर ‘धाकड़’ में एक आकर्षक जासूस तक, ‘मणिर्किणका’ में एक देवी से लेकर ‘चंद्रमुखी’ में एक राक्षसी तक। ‘थलाइवी’ में एक क्रांतिकारी नेता तो ‘रज्जो’ में वेशय़ा का किरदार।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें