नेशनल डेस्क: बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) चुनावों की वोट गिनती के शुरुआती रुझानों में बीजेपी–शिवसेना की महायुति गठबंधन को बहुमत मिल गया है। ताजा रुझानों में बीजेपी + 126 सीटों पर आगे चल रहा है।अभी तक 227 सीटों के रुझान आ गए हैं जिसमें से बीजेपी + को 126 तथा उद्धव सेना गठबंधन को 71 सीटें मिलती दिख रही है। कांग्रेस को 14 सीटें, अन्य के खाते में 16 सीट (आंकड़े शाम 4.30 बजे के अनुसार) मिलती नजर आ रही है।
पहले के अपडेट के मुताबिक, अब तक मिले रुझानों के मुताबिक, महायुति लगभग 109 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं शिवसेना (यूबीटी) 64 सीटों, कांग्रेस 16 सीटों पर अन्य 20 सीटों पर आगे है। राज्य चुनाव आयुक्त (SEC) के अनुसार, हाल ही में हुए BMC चुनावों में कुल 52.94 प्रतिशत मतदान हुआ। ये चुनाव गुरुवार को संपन्न हुए थे।
महाराष्ट्र की जनता का धन्यवाद- सुधांशु त्रिवेदी
बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और उसके सहयोगियों की बढ़त पर बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने खुशी जताई है। शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुधांशु त्रिवेदी ने इस जीत को ऐतिहासिक करार देते हुए महाराष्ट्र की जनता का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी और एनडीए को लगातार जनता का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा, “BMC जैसी बड़ी नगर निगम में यह सफलता दिखाती है कि लोग बीजेपी और महायुति पर भरोसा कर रहे हैं। इसके लिए हम महाराष्ट्र के लोगों का आभार व्यक्त करते हैं।”
ये भी पढ़ें: खराब मौसम के चलते राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का जालंधर दौरा रद्द
151 वार्डों के रुझान आए सामने
अब तक 227 में से 151 वार्डों के रुझान सामने आ चुके हैं। ताजा रुझानों के अनुसार भाजपा 66 वार्डों में आगे चल रही है। इसके बाद शिवसेना (यूबीटी) 53 वार्डों, शिवसेना 20 वार्डों, कांग्रेस 5 वार्डों और मनसे 5 वार्डों में बढ़त बनाए हुए है। वहीं अन्य उम्मीदवार 2 वार्डों में आगे चल रहे हैं।
ठाकरे बंधुओं के आरोपों को SEC ने खारिज किया
भारत के सबसे अमीर नगर निगम के इन चुनावों को लेकर शिवसेना (UBT) और MNS गठबंधन ने कुछ आरोप लगाए थे, लेकिन SEC ने बाद में इन आरोपों को खारिज कर दिया। करीब आठ साल बाद हुए ये चुनाव मुंबई के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं। इससे पहले BMC चुनाव 2017 में हुए थे। पिछली निर्वाचित मेयर किशोरी पेडनेकर का कार्यकाल मार्च 2022 में खत्म हो गया था। अब चुनाव पूरे होने के बाद मुंबई को लगभग चार साल बाद नया मेयर मिलने की राह साफ हो गई है।
मतदाता सूची में कुल 1 करोड़ 3 लाख 44 हजार 315 मतदाता थे, जिनमें से 54 लाख 76 हजार 43 लोगों ने वोट डाले। वोट डालने वालों में पुरुष मतदाता महिलाओं से करीब 3.7 लाख ज्यादा रहे। कुल 277 वार्डों में 29,23,433 पुरुष, 25,52,359 महिलाएं और 251 ट्रांसजेंडर मतदाताओं ने मतदान किया।
एग्जिट पोल महायुति की जीत का इशारा कर रहे
एग्जिट पोल भी बीजेपी–शिवसेना महायुति की जीत की ओर इशारा कर रहे हैं। एग्जिट पोल के मुताबिक, ठाकरे भाई दूसरे स्थान पर रह सकते हैं, जबकि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल मजबूत प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं। 2017 के BMC चुनावों में अविभाजित शिवसेना ने 227 सीटों में से 84 सीटें जीती थीं। उस समय बीजेपी के साथ गठबंधन में रहते हुए, दोनों दलों ने मिलकर बहुमत का आंकड़ा पार किया था। तब बीजेपी ने 82 सीटें हासिल की थीं।
ये भी पढ़ें: Kia Carens Clavis का नया HTE (EX) वेरिएंट हुआ लॉन्च, 12.54 लाख में मिलेंगे ये प्रीमियम फीचर्स

