Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘कांग्रेस ने कई पीढ़ियों तक बोडोलैंड के लोगों को झूठे सपने दिखाए’, गुवाहाटी में बोले पीएम मोदी

March 13, 2026

‘कांग्रेस ने कई पीढ़ियों तक बोडोलैंड के लोगों को झूठे सपने दिखाए’, गुवाहाटी में बोले पीएम मोदी

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय असम दौरे पर हैं। प्रधानमंत्री का कोकराझार जाने का कार्यक्रम तय था, लेकिन मौसम खराब होने के बाद उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। गुवाहाटी से पीएम मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने कई पीढ़ियों तक बोडोलैंड के लोगों को झूठे सपने दिखाए। पीएम मोदी ने कोकराझार में 4,570 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने तीन नई रेल सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाई।

कांग्रेस पर लगाया आरोप

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में कांग्रेस पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कई पीढ़ियों तक बोडोलैंड के लोगों को झूठे सपने दिखाए। उन्होंने कहा कि जब जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर भाजपा और एनडीए को मौका दिया, तब सरकार ने ईमानदारी से विकास और शांति के लिए काम शुरू किया। पीएम मोदी के अनुसार, कांग्रेस ने अपनी राजनीति के लिए अलग-अलग समुदायों के बीच दूरी पैदा की, जबकि भाजपा ने स्थायी शांति स्थापित करने की दिशा में काम किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बोडो शांति समझौते के जरिए पहली बार सभी बड़े संगठनों और समूहों को एक साथ लाया गया। उन्होंने कांग्रेस को “झूठे वादों की दुकान” बताते हुए कहा कि पार्टी के पास अपने वादे पूरे करने का कोई इरादा नहीं रहा।

 

घुसपैठ और सुरक्षा पर भी बोले पीएम

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों के कारण रोटी, बेटियां और जमीन—इन तीनों की सुरक्षा पर खतरा पैदा हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा घुसपैठियों का समर्थन किया और स्थानीय लोगों को उनकी जमीन से जुड़े जरूरी कानूनी दस्तावेज भी नहीं दिए। उन्होंने कहा कि धुबरी और गोलपारा जैसे जिलों में स्थिति काफी खराब थी, जिसके कारण बोडोलैंड क्षेत्र में जनसंख्या संतुलन भी बिगड़ने लगा। प्रधानमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में असम सरकार अवैध कब्जों से जमीन वापस लेने के लिए अभियान चला रही है।

 

डबल इंजन सरकार पर पीएम मोदी का बयान

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि एनडीए की डबल इंजन सरकार असम की सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने के साथ-साथ राज्य के तेज़ विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कोकराझार और आसपास के इलाकों ने पिछले कई दशकों में काफी मुश्किलें झेली हैं और यहां के लोगों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। लेकिन अब बोडोलैंड क्षेत्र शांति और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उनके अनुसार, आज असम शांति और प्रगति का एक नया अध्याय लिख रहा है।

‘असम माला 3.0’ परियोजना की शुरुआत

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने 3,200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली सड़क परियोजना ‘असम माला 3.0’ की शुरुआत की। इस योजना के तहत असम में 900 किलोमीटर से ज्यादा नई सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इसका उद्देश्य अंतर-राज्यीय संपर्क को बेहतर बनाना और राष्ट्रीय राजमार्गों को ग्रामीण सड़कों से बेहतर तरीके से जोड़ना है।

 

बोडोलैंड क्षेत्र में नई सड़क परियोजनाएं

प्रधानमंत्री ने बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद (BTC) क्षेत्र में लगभग 1,100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली छह सड़क परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया। इनमें चार फ्लाईओवर और दो पुल शामिल हैं। इन परियोजनाओं से कोकराझार जिले में यातायात जाम कम होगा और पर्यटन, कृषि, स्वास्थ्य सेवाओं तथा ग्रामीण आवागमन में सुधार होगा।

रेलवे परियोजना की भी आधारशिला

इसके अलावा पीएम मोदी ने कोकराझार जिले के बाशबारी में रेलवे की पीओएच (Periodic Overhaul) कार्यशाला की आधारशिला भी रखी। सरकार के अनुसार, इन सभी परियोजनाओं से असम और खासकर बोडोलैंड क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें