
नई दिल्ली: अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर हुई प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रेड को लेकर केंद्र सरकार और BJP पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब के नेताओं को राजनीतिक वजहों से निशाना बनाया जा रहा है और पंजाबियों को हर तरह से परेशान किया जा रहा है।
आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में हो रही ED की कार्रवाई का मकसद भ्रष्टाचार पकड़ना नहीं, बल्कि नेताओं पर दबाव बनाना है। उन्होंने दावा किया कि हाल के दिनों में बिजनेसमैन अशोक मित्तल और मंत्री संजीव अरोड़ा के खिलाफ हुई कार्रवाई राजनीतिक मकसद से की गई। केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि पश्चिम बंगाल चुनाव खत्म होने के बाद केंद्र सरकार ने पंजाब में लगातार ED रेड शुरू कर दीं।
जैसे ही बंगाल चुनाव ख़त्म हुए, मोदी जी ने पंजाब में रोज़ ED की रेड करना शुरू कर दिया है। पिछले कुछ सालों में मोदी जी ने पंजाब के साथ बहुत धक्का किया है। पंजाबियों को तरह तरह से प्रताड़ित किया है।
पंजाब के पानी पर हमला किया, पंजाब यूनिवर्सिटी को लेने की कोशिश की, ग्रामीण विकास… https://t.co/ZL3rV6eHR1
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) May 9, 2026
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में पंजाब को कई तरह से नुकसान पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब के पानी के अधिकारों पर हमला किया गया। पंजाब यूनिवर्सिटी पर कब्जे की कोशिश हुई,
गांवों के विकास के फंड रोके गए और अब लगातार ED की रेड करवाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अशोक मित्तल के यहां रेड हुई और अगले ही दिन उन्हें BJP में शामिल कर लिया गया। इससे साफ है कि रेड का मकसद “काला धन पकड़ना” नहीं बल्कि नेताओं को दबाव में लाकर पार्टी में शामिल कराना है।
केजरीवाल ने दावा किया कि कुछ दिन पहले संजीव अरोड़ा के यहां भी ED की छापेमारी हुई थी। लेकिन जब उन्होंने BJP जॉइन नहीं की, तो उनके यहां दोबारा रेड कर दी गई। उन्होंने कहा कि पंजाब गुरुओं की धरती है और यहां के लोग किसी दबाव से डरने वाले नहीं हैं। अपने बयान में उन्होंने मुगल शासक औरंगजेब का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार की तुलना की और कहा कि पंजाब हमेशा अन्याय के खिलाफ खड़ा हुआ है।
अमन अरोड़ा, जो AAP पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष हैं, उन्होंने भी ED की कार्रवाई को गलत बताया। उन्होंने कहा कि पंजाब में केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “पंजाब गुरुओं और भगत सिंह की धरती है। BJP और केंद्र सरकार ऐसी राजनीति बंद करे।”
इस मामले में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भी BJP पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को डराने और दबाने के लिए किया जा रहा है। फिलहाल ED की ओर से इस छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई कथित 100 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच से जुड़ी है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...