
अमृतसर: पंजाब सरकार द्वारा लोगों को उनके घरों का मालिकाना हक प्रदान करने के लिए चलाई जा रही ‘मेरा घर मेरे नाम’ योजना के तहत आज कैबिनेट मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने गांव मलकपुर के 190 लाभार्थियों को उनके घरों के मालिकाना हक संबंधी दस्तावेज वितरित किए।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि ‘मेरा घर मेरे नाम’ योजना का मुख्य उद्देश्य उन लोगों को उनके घरों का कानूनी मालिकाना हक प्रदान करना है, जो लंबे समय से अपने घरों में रह रहे हैं, लेकिन उनके पास मालिकाना हक साबित करने वाले कानूनी दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। उन्होंने कहा कि अपने घर का मालिकाना हक मिलना प्रत्येक परिवार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे लोगों को अपने घरों के संबंध में कानूनी सुरक्षा मिलेगी और वे सम्मान एवं गरिमा के साथ अपना जीवन व्यतीत कर सकेंगे।
स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि पंजाब सरकार लोगों के कल्याण और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार द्वारा लोगों से किए गए वादों को पूरा करते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ योग्य लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘मेरा घर मेरे नाम’ योजना के माध्यम से लोगों को उनके घरों का मालिकाना हक प्रदान करके बड़ी राहत दी जा रही है।
📍 Location: Amritsar (Amritsar)