पंजाब में हॉकी प्रेमियों के लिए बड़ा अंतरराष्ट्रीय आयोजन होने जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने हॉकी एशियंस चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब 2026 के शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। टूर्नामेंट की शुरुआत 27 अक्टूबर को जालंधर से होगी, जबकि खिताबी मुकाबला 5 नवंबर को मोहाली में खेला जाएगा।
छह देशों की टीमें लेंगी हिस्सा
इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारत के अलावा पाकिस्तान, जापान, मलेशिया, चीन और कोरिया की टीमें मैदान में उतरेंगी। वहीं ओमान और बांग्लादेश को रिजर्व टीमों के तौर पर रखा गया है। शेड्यूल जारी करने के साथ ही टूर्नामेंट का आधिकारिक लोगो भी लॉन्च किया गया। इस मौके पर हॉकी इंडिया के खिलाड़ी और अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।
25.40 करोड़ रुपये का बजट, दर्शकों की एंट्री फ्री
पंजाब सरकार ने टूर्नामेंट के आयोजन के लिए 25 करोड़ 40 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया है। सरकार के मुताबिक पूरे टूर्नामेंट के दौरान दर्शकों से किसी तरह का प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाएगा। आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी पंजाब सरकार की ओर से संभाली जाएगी, ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
पंजाब को बताया हॉकी की नर्सरी
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब को देश में हॉकी की नर्सरी के रूप में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि हॉकी पंजाब के लोगों के जीवन का अहम हिस्सा है और भारतीय हॉकी टीम में भी पंजाब के कई खिलाड़ी प्रतिनिधित्व करते हैं। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस आयोजन के जरिए पंजाब को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हॉकी से जुड़े एक बड़े मंच की मेजबानी का अवसर मिल रहा है। खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जाएगा।
बच्चों और दिग्गज खिलाड़ियों पर भी रहेगा फोकस
टूर्नामेंट के दौरान बच्चों को भी आयोजन से जोड़ने की तैयारी है। मैचों के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही हॉकी के पुराने और दिग्गज खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। पंजाब सरकार जूनियर और सीनियर स्तर पर हॉकी लीग आयोजित करने की दिशा में भी काम कर रही है। सरकार का फोकस राज्य में हॉकी के लिए मजबूत आधार तैयार करने और नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर है।
हॉकी इंडिया लीग में पंजाब की टीमें भी होंगी
पंजाब सरकार की ओर से यह भी बताया गया कि हॉकी इंडिया लीग में भविष्य में पंजाब की पुरुष और महिला टीमों की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इससे प्रदेश के खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिलने की उम्मीद है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...