Last Updated: November 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

फुटबॉल चौक पर तेज रफ्तार बस का कहर, रेड लाइट पर खड़ी तीन गाड़ियों को मारी टक्कर

November 13, 2026

फुटबॉल चौक पर तेज रफ्तार बस का कहर, रेड लाइट पर खड़ी तीन गाड़ियों को मारी टक्कर

जालंधर: फुटबॉल चौक पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां तेज रफ्तार बस ने रेड लाइट पर खड़ी कई गाड़ियों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्विफ्ट और ब्रेजा समेत तीन गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद चौक पर भारी जाम लग गया और वाहन चालकों को करीब आधे घंटे तक परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी देते हुए एक कार चालक ने बताया कि वह अपने बेटे को स्कूल छोड़कर घर लौट रहा था। इसी दौरान वह फुटबॉल चौक की रेड लाइट पर खड़ा था। तभी पीछे से आई बस ने उसकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी और आगे खड़ी अन्य गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बस चालक को काबू कर लिया और उसके खिलाफ जमकर हंगामा किया।

वहीं, बस चालक ने सफाई देते हुए कहा कि बस की ब्रेक फेल होने के कारण हादसा हुआ। दूसरी तरफ, मौके पर मौजूद लोगों ने इस दावे को नकारते हुए आरोप लगाया कि चालक को झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई। लोगों ने यह भी सवाल उठाए कि चालक के पास मौके पर बस का परमिट और लाइसेंस मौजूद नहीं था। चालक द्वारा मोबाइल फोन पर दस्तावेजों की तस्वीरें दिखाने पर भी लोगों ने विरोध जताया।

पीड़ित वाहन चालकों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद करीब आधे घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। हादसे के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित रहा।

📍 Location: जालंधर फुटबॉल चौक (जालंधर)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें