लुधियाना: शहर के ग्यासपुरा के पीपल चौक में स्थित दुकान में घुसकर बदमाशों ने 13 हजार रुपए की नकदी व मोबाइल लूट लिया। जब फोटोग्राफर ने इसकी शिकायत पुलिस से की तो बदमाशों ने उसके घर पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। उन लोगों ने हथियारों से उसके घर का गेट तोड़ दिया और धमकियां दी। यही नहीं इन बदमाशों ने फोटोग्राफर के साथी को भी रास्ते में रोककर उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर मोबाइल छीन लिया और उसकी बाइक तोड़ डाली। घर पर गेट पर तेजधार हथियारों से हमला व दुकान में घुसकर धमकाने की सी.सी.टी.वी फुटेज भी सामने आई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- इन राज्यों के लिए IMD ने जारी किया ‘बारिश का अलर्ट’, बढ़ेगी ठंड और छाएगा घना कोहरा
यह वारदात ग्यासपुरा के पीपल चौक स्थित सिद्धू फोटोग्राफर के यहां हुई। मालिक सिद्धी शरण ने बताया कि घटना 15 दिसंबर की है। उसके यहां काम करने वाला लड़का दुकान पर बैठा था। उसका कहना है कि तभी तीन युवक वहां आए। उन लोगों ने उसे धमकाया। उन्होंने कहा कि उन्हें जमानत करवानी है। उन लोगों ने धमकाकर उससे 13 हजार रुपए की नकदी और वहां पड़ा उसका मोबाइल ले लिया। सिद्धी शरण का कहना है कि वह उनमें से एक युवक को जानता था। उसने इस मामले के बारे में पुलिस को शिकायत कर दी। सिद्धू का कहना है कि शिकायत के बाद आरोपियों ने उसे फोन कर धमकाया और फिर कुछ बाइक सवार युवकों ने उसके घर पर हमला कर दिया।
उन लोगों ने तेजधार हथियारों से उसके घर का गेट व दरवाजे तोड़ डाले और धमकियां दी। सिद्धी शरण का कहना है कि यहीं बस नहीं, इसके बाद आरोपियों ने रात को उसके साथ काम करने वाले प्रेम को घेर लिया। उन लोगों ने उसके सिर पर तेजधार हथियारों से वार किया और उससे मोबाइल छीन लिया। यही नहीं उन्होंने उसकी बाइक भी तोड़ डाली। इस मामले की शिकायत कंगनवाल पुलिस चौकी को की गई है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।

