Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

ढुडीके में कृषि विभाग ने लगाया किसान प्रशिक्षण शिविर

August 16, 2026

ढुडीके में कृषि विभाग ने लगाया किसान प्रशिक्षण शिविर

मोगा: कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, ब्लॉक मोगा-1 की ओर से गांव ढुडीके में आत्मा योजना के तहत ब्लॉक स्तरीय किसान गोष्ठी एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मुख्य कृषि अधिकारी मोगा डॉ. अमृतपाल सिंह और जिला प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. नवदीप सिंह जौड़ा के दिशा-निर्देशों तथा ब्लॉक कृषि अधिकारी मोगा-1 डॉ. गुरमिंदर सिंह बराड़ के नेतृत्व में आयोजित हुआ। शिविर का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक, टिकाऊ और पर्यावरण अनुकूल कृषि तकनीकों की जानकारी देना तथा खेती की लागत कम करके आमदनी बढ़ाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में जिला प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. नवदीप सिंह जौड़ा, मार्केट कमेटी अजीतवाल के चेयरमैन गुरमेल सिंह मदोके, जिला परिषद के वाइस चेयरमैन जसदीप सिंह गैरी तथा गांव ढुडीके के सरपंच दर्शप्रीत सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। कृषि विकास अधिकारी रमणदीप कौर ने अतिथियों का स्वागत किया और मंच संचालन की जिम्मेदारी निभाई। कृषि विकास अधिकारी किरणदीप कौर ने किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि मिट्टी की सेहत बनाए रखने, खेती की लागत कम करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्राकृतिक संसाधनों का उचित उपयोग तथा आवश्यकता के अनुसार ही रासायनिक इनपुट का प्रयोग किया जाना चाहिए। कृषि विकास अधिकारी अर्शदीप सिंह ने मिट्टी की सेहत और संतुलित खाद प्रबंधन पर जानकारी देते हुए किसानों से अपील की कि खादों का अंधाधुंध इस्तेमाल करने के बजाय मिट्टी की जांच और फसल की जरूरत के अनुसार ही खाद का प्रयोग करें। इससे खेती की लागत कम करने के साथ मिट्टी की उर्वरता और फसल उत्पादन क्षमता को लंबे समय तक बनाए रखा जा सकता है।ब्लॉक कृषि अधिकारी डॉ. गुरमिंदर सिंह बराड़ ने बासमती और धान की फसल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने किसानों को कीट एवं रोग नियंत्रण के लिए कीटनाशकों का इस्तेमाल केवल आवश्यकता पड़ने पर और कृषि विभाग की सिफारिशों के अनुसार करने की सलाह दी। उन्होंने फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन, पानी की बचत तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर भी जोर दिया।

जिला प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. नवदीप सिंह जौड़ा ने कहा कि आज के दौर में केवल फसल उत्पादन तक सीमित रहना पर्याप्त नहीं है। किसानों को कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग, वैल्यू एडिशन और मार्केटिंग पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने किसानों को गांव और ब्लॉक स्तर पर किसान समूह बनाकर आपसी सहयोग से प्रोसेसिंग एवं वैल्यू एडिशन यूनिट स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया।  आधुनिक कृषि तकनीकों के साथ प्रोसेसिंग और मार्केटिंग को अपनाकर खेती को लाभकारी व्यवसाय बनाया जा सकता है तथा गांवों में ही रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। किसान गोष्ठी में करीब 100 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। किसानों ने कृषि से जुड़ी विभिन्न समस्याएं और सवाल अधिकारियों के समक्ष रखे, जिनका कृषि विशेषज्ञों ने मौके पर ही संतोषजनक समाधान बताया। इस अवसर पर कृषि विकास अधिकारी डाला किरणदीप कौर, एटीएम सतबीर सिंह और जेटीवी रणजीत सिंह सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।कार्यक्रम के अंत में चेयरमैन गुरमेल सिंह मदोके, जिला परिषद के वाइस चेयरमैन जसदीप सिंह गैरी तथा गांव ढुडीके के सरपंच दर्शप्रीत सिंह ने किसानों की उत्साहपूर्ण भागीदारी के लिए धन्यवाद किया और कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से किसानों को दी जा रही तकनीकी जानकारी एवं मार्गदर्शन की सराहना की।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें