
पटियाला : पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश से पंजाब में अवैध हथियार सप्लाई करने वाले एक आरोपी को 7 पिस्तौल और 25 कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। बरामद हथियारों में 1 पिस्तौल .30 बोर और 6 पिस्तौल .32 बोर शामिल हैं। एसएसपी हरमनदीप हंस के अनुसार, यह कार्रवाई 6 सितंबर को पटियाला-संगरूर रोड पर गांव वजीदपुर के पास की गई।
आरोपी की पहचान मनदीप सिंह उर्फ फौजी पुत्र सरबन सिंह, निवासी गांव तलवंडी, थाना भदौड़, जिला बरनाला के रूप में हुई है। आरोपी सशस्त्र सीमा बल की 50वीं बटालियन, बलरामपुर (यूपी) में नौकरी करता है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी गुरदीप सिंह उर्फ ईश्वर सिंह उर्फ रेशम सिंह, निवासी गांव जंगीआणा, थाना भदौड़, जिला बरनाला के साथ मिलकर मध्य प्रदेश से अवैध हथियार खरीदकर पंजाब में अपराधियों को सप्लाई करता था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मनदीप सिंह के खिलाफ पहले से लूट, लड़ाई-झगड़े और आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं और वह कई बार जेल जा चुका है। जेल में बंद अपराधियों तथा विदेश में बैठे अपराधियों के साथ उसके संपर्क होने की बात भी सामने आई है। इस मामले में थाना पसियाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बरामद हथियारों के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपी को 7 सितंबर 2026 को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया, जिसके दौरान आगे की जांच और पूछताछ की जाएगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...