घर में घुसकर महिला को बंधक बनाया, 5 लाख नकद व 22 तोले सोना लूटा
September 19, 2026
Share:
जालंधर। जालंधर-पठानकोट रोड स्थित गांव राउवाली में देर रात आधा दर्जन से अधिक लुटेरों ने एक घर में घुसकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। लुटेरों ने घर में मौजूद महिला को बंधक बना लिया। घर से करीब 5 लाख रुपये की नकदी व 22 तोले सोना लूटकर फरार हो गए।घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, वारदात से करीब एक घंटे पहले लुटेरों ने गांव की एक अन्य कोठी में घुसने का प्रयास किया था। हालांकि, वहां मौजूद प्रवासियों ने शोर मचा दिया, जिसके चलते लुटेरे वारदात को अंजाम देने में नाकाम रहे। इस संबंध में इलाका निवासियों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना भी दी थी।
इसके बावजूद कुछ समय बाद लुटेरों ने दूसरे घर को निशाना बना लिया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में कुछ लुटेरे हाथों में लाठियां लेकर घर में घुसने का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं। शोर मचने के बाद आरोपियों ने दीवार फांदकर भागने की कोशिश की और मौके से फरार हो गए। वहीं, वारदात के बाद सामने आई दूसरी वीडियो में घर की अलमारी का सामान बिखरा नजर आ रहा है।घटना की सूचना मिलते ही थाना मकसूदा की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।