Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

बठिंडा: विदेश में बैठे हैंडलर ने 2000 रुपए देकर लिखवाए खालिस्तानी नारे, 3 गिरफ्तार

November 1, 2025

बठिंडा: विदेश में बैठे हैंडलर ने 2000 रुपए देकर लिखवाए खालिस्तानी नारे, 3 गिरफ्तार

बठिंडा। बठिंडा पुलिस और काऊंटर इंटैलिजैंस ने ज्वॉइंट ऑपरेशन के दौरान खालिस्तानी नारे लिखने के मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ में पता चला है कि आरोपियों ने यह काम विदेश में रहने वाले एक खालिस्तनी समर्थक के कहने पर किया था, जिसके बदले में एक आरोपी को 2000 रुपए भी भेजे गए थे। वहीं काम पूरा करने के बाद और राशि देने की बात कही थी। इस बारे में जिला पुलिस मुख्यालय में हुई प्रैस कांफ्रैंस के दौरान एसपी इन्वेस्टिगेशन जसमीत सिंह साहीवाल ने बताया कि कुछ समय पहले जिले में अलग-अलग जगहों पर खालिस्तानी के समर्थन में नारे लिखे गए थे।

एसपी जसमीत सिंह ने बताया कि इस पुलिस ऑपरेशन के दौरान दो अलग-अलग केस में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने बताया कि 26/27 अक्तूबर की रात को कुछ अज्ञात लोगों ने पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय नंबर 03, एयर फोर्स स्टेशन भिसियाना स्कूल की दीवार पर खालिस्तानी नारे लिख दिए। इस संबंध में पुलिस स्टेशन नेहियावाला में केस दर्ज किया गया था। इस केस को ट्रेस करते हुए, सीआईए स्टाफ-1 बठिंडा और चौकी किल्ली निहाल सिंह की टीम ने 29 अक्तूबर को बुर्ज महिमा से नवजोत सिंह उर्फ जोटा (24) और राजप्रीत सिंह (26) दोनों गांव कालीवाला, जिला फिरोजपुर के रहने वाले को गिरफ्तार किया।

ये भी पढ़ेंः BCCI का बड़ा अपडेट, Shreyas Iyer को लेकर अस्पताल से सामने आई ये जानकारी

पूछताछ के दौरान, कथित आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ये नारे विदेश में रहने वाले पवनप्रीत सिंह उर्फ दीप चहल नाम के एक व्यक्ति के कहने पर लिखे थे। इसी तरह एक और केस में, 19/20 अक्तूबर की रात को किसी अज्ञात आदमी ने मानावाला गांव के एक स्कूल की दीवार पर खालिस्तानी नारे लिख दिए। इस केस की जांच के दौरान, काउंटर इंटेलिजेंस बठिंडा और बठिंडा पुलिस के जॉइंट ऑपरेशन ने 30 अक्तूबर को बठिंडा जिले के मानावाला गांव के रहने वाले हरजिंदर सिंह को गिरफ्तार किया।

हरजिंदर सिंह ने पूछताछ में बताया कि नवजोत सिंह ने दिवाली से कुछ दिन पहले उसे व्हाट्सएप्प कॉल करके नारे लिखने के लिए कहा था। नारे लिखकर वीडियो और फोटो नवजोत को भेजने के बाद, नवजोत ने उसे स्कैनर के जरिए 2 हजार रुपए भेजे। नवजोत सिंह ने हरजिंदर सिंह का संपर्क विदेश में रहने वाले पवनप्रीत सिंह उर्फ दीप चहल से भी करवाया। एसपी ने बताया कि पुलिस रिमांड मिलने के बाद आरोपियों से गहराई से पूछताछ की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें