Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

बठिंडा पुलिस ने भारी मात्रा में नशीले पदार्थ सहित 13 लोगों को किया गिरफ्तार

April 28, 2025

बठिंडा पुलिस ने भारी मात्रा में नशीले पदार्थ सहित 13 लोगों को किया गिरफ्तार

बठिंडा: जिला पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से भारी मात्र में नशीले पदार्थ के साथ 13 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से 134 ग्राम हैरोइन, 250 लीटर लाहन, 15 लीटर अवैध शराब और 30 नशीली गोलियां बरामद की हैं। जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली पुलिस ने गुरु की नगरी में छापेमारी कर 15 ग्राम हैरोइन के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान सुखपाल सिंह के रूप में हुई है। इस प्रकार सीआईए स्टाफ टू की पुलिस ने भारी मात्र में हैरोइन व लाखों रुपए की ड्रगमनी के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

सहायक पुलिस अधीक्षक गुरप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अमरपुरा बस्ती में एक व्यक्ति नशा बेच रहा है, जिसके बाद पुलिस पार्टी ने छापेमारी कर अमरपुरा बस्ती निवासी सतीश कुमार को 100 ग्राम हैरोइन और 3 लाख रुपए की ड्रगमनी के साथ गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कैनाल कॉलोनी थाने में एनडीपीएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की पूछताछ की जा रही है। इसी तरह नेहियांवाला थाने की पुलिस ने साढ़े 3 ग्राम हैरोइन के साथ 2 लोगों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों की पहचान गंगा अबलू निवासी लवदीप सिंह और गांव अबलू निवासी सुखविंदर सिंह के रूप में हुई है। सहायक थानेदार लखविंदर सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ नियंत्रण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। इसी प्रकार, एक अन्य मामले में नथाना थाने की पुलिस ने एक व्यक्ति को 7 ग्राम हैरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान तुंगवाली निवासी भरपूर सिंह के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ भुच्चो मंडी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। दयालपुरा थाना पुलिस ने भी भारी मात्र में हैरोइन के साथ एक महिला समेत 2 लोगों को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव भगता भाई में छापेमारी कर भगता भाई निवासी वरखा पत्नी बूटा और अजय कुमार को 9 ग्राम हैरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। थाना सदर रामपुरा की पुलिस ने भी बस स्टैंड के पास से पिथो निवासी हरपिंदर सिंह को साढ़े 4 ग्राम हैरोइन के साथ गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। एक अन्य मामले में थाना सदर रामपुरा की पुलिस ने चौके निवासी बलकार सिंह को 50 लीटर लाहन सहित गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी के तहत मामला दर्ज किया है। बालियांवाली थाना पुलिस ने भी मंडी कलां निवासी गुरप्रीत सिंह को 15 लीटर अवैध शराब व 200 लीटर लाहन के साथ गिरफ्तार किया है।

इसी प्रकार, मौड़ मंडी थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को साढ़े 4 ग्राम हैरोइन के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि उसके 2 साथी मौके से भागने में सफल रहे। जानकारी के अनुसार मौड़ मंडी थाने के सहायक पुलिस अधीक्षक जसवीर सिंह ने 3 लोगों को रोककर उनकी तलाशी ली, जिस दौरान उनके पास से साढ़े 4 ग्राम हैरोइन बरामद हुई। इस बीच पुलिस ने हरजिंदर सिंह को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया, जबकि जोधपुर पाखर निवासी राम सिंह और मौड़ मंडी निवासी लवलीन जिंदल मौके से फरार हो गए। सहायक थाना प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

एक अन्य मामले में थाना तलवंडी साबो की पुलिस ने नशीली गोलियों के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार तलवंडी साबो में सहायक पुलिस अधीक्षक जसकौर सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस पार्टी ने दो व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली तो उनके पास से 30 नशीली गोलियां बरामद हुईं। आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया, जिनकी पहचान तलवंडी साबो निवासी राजू सिंह और पिंदर सिंह के रूप में हुई है।

ये भी पढ़ें: अजय देवगन ने खरीदी नई Mercedes-Benz V-Class, कीमत सहित जानें गाड़ी की खासियत

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें