Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

बिक्रम मजीठिया ने जेल में बैरक बदलने की याचिका दी, कोर्ट ने सरकार को भेजा नोटिस, सोमवार को होगी सुनवाई

July 13, 2025

बिक्रम मजीठिया ने जेल में बैरक बदलने की याचिका दी, कोर्ट ने सरकार को भेजा नोटिस, सोमवार को होगी सुनवाई

 नाभा : शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया की मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रहीं। आय से अधिक संपत्ति मामले में गिरफ्तार किए गए मजीठिया की ओर से जेल में सुरक्षा को लेकर एक विशेष याचिका दायर की गई है, जिस पर अब सोमवार को मोहाली की अदालत में सुनवाई होगी।

इस याचिका में मजीठिया के वकील ने अदालत से अनुरोध किया है कि उन्हें जेल में विचाराधीन और सजायाफ्ता कैदियों से अलग रखा जाए। मजीठिया ने दावा किया है कि वह S3 श्रेणी (ऑरेंज कैटेगरी) के तहत आते हैं, जिसके अनुसार उन्हें एक अलग और सुरक्षित बैरक में रखा जाना चाहिए। फिलहाल वह नाभा जेल में बंद हैं।

याचिका शुक्रवार को अदालत में दाखिल की गई थी, जिस पर सुनवाई की तारीख 15 जुलाई तय की गई है। अदालत ने इस संबंध में पंजाब सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

-छापेमारी और जब्त सामान

गौरतलब है कि पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने 25 जून को मजीठिया के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज किया था। इसके तुरंत बाद प्रदेशभर में उनके करीब 26 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान मजीठिया को अमृतसर स्थित उनके आवास से सुबह 11:30 बजे गिरफ्तार किया गया।

छापों में विजिलेंस टीम ने भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक और दस्तावेजी सबूत भी जब्त किए हैं। इनमें 29 मोबाइल फोन, 5 लैपटॉप, 3 आईपैड, 2 डेस्कटॉप कंप्यूटर, 8 डायरियां, और कई अन्य अहम दस्तावेज शामिल हैं। अधिकारियों का मानना है कि ये सबूत मजीठिया की संपत्ति की जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

-राजनीतिक हलकों में हलचल

बिक्रम मजीठिया की गिरफ्तारी और अब जेल में अलग रखने की मांग ने राज्य की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। अकाली दल ने इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया है, जबकि सरकार का कहना है कि कार्रवाई पूरी तरह कानून के दायरे में रहकर की गई है।

अब देखना यह होगा कि अदालत मजीठिया की याचिका पर क्या फैसला देती है और क्या उन्हें जेल में अलग बैरक की सुविधा मिलती है या नहीं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें