Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

कनाडा से लौटे 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, पड़ोसी दंपती पर हत्या का आरोप

November 3, 2026

कनाडा से लौटे 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, पड़ोसी दंपती पर हत्या का आरोप
Canada-Returned Youth Found Dead in Moga : मोगा। कस्बा अजीतवाल में कनाडा से लौटे 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान गुरदीप सिंह गैरी के रूप में हुई है। युवक का शव पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति के घर से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक के परिजनों ने पड़ोसी दंपती पर नौ लाख रुपये हड़पने और बिजली का करंट लगाकर युवक की हत्या करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मृतक के पिता के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दो महीने पहले कनाडा से लौटा था युवक मृतक की मां कुलदीप कौर के अनुसार, उनका बेटा करीब दो साल पहले कनाडा गया था और लगभग दो महीने पहले ही भारत लौटा था। उन्होंने आरोप लगाया कि पड़ोस में रहने वाली महिला उनके बेटे को एयरपोर्ट से सीधे अपने घर ले गई थी। इसके बाद गुरदीप अपने परिवार से मिलने के लिए घर नहीं आ सका।

मां का दावा है कि युवक का मोबाइल फोन भी अपने पास रखा जाता था और वह किसी डर के कारण अपने घर आने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। नौ लाख रुपये हड़पने का भी आरोप कुलदीप कौर ने आरोप लगाया कि महिला ने उनके बेटे से करीब नौ लाख रुपये ले लिए थे। उनके अनुसार, इन पैसों से ट्रैक्टर और अपाचे मोटरसाइकिल खरीदी गई, जबकि एक लैपटॉप भी लिया गया। मां ने आशंका जताई कि उनके बेटे को कोई जहरीली चीज पिलाई गई या बिजली का करंट लगाकर उसकी जान ली गई। उन्होंने बताया कि जब गुरदीप की हालत गंभीर हुई तो परिवार को सूचना दी गई, लेकिन मौके पर पहुंचने तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मां ने कहा कि गुरदीप उनका इकलौता बेटा था और परिवार को न्याय मिलना चाहिए। छत पर बुलाकर करंट लगाने का आरोप थाना अजीतवाल के एसएचओ भलविंदर सिंह के अनुसार, मृतक के पिता करमजीत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि 31 अक्टूबर की शाम मनप्रीत सिंह, उसकी पत्नी मनदीप कौर और सोनी ने मिलकर उनके बेटे की हत्या की। शिकायत के मुताबिक, गुरदीप को घर की छत पर बुलाया गया और वहां बिजली का करंट लगाया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मनप्रीत सिंह और उसकी पत्नी मनदीप कौर के खिलाफ हत्या के आरोप में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, कनाडा से लौटने के बाद गुरदीप अपने घर जाने के बजाय पड़ोस में रहने वाले मनप्रीत सिंह के घर रह रहा था। पुलिस मामले के पीछे के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। युवक की मौत के वास्तविक कारणों और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें