Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

सिविल लाइन की पुलिस ने अवैध हथियार सहित युवक किया काबू, 9 पिस्तौल व मैगजीन बरामद

February 28, 2026

सिविल लाइन की पुलिस ने अवैध हथियार सहित युवक किया काबू, 9 पिस्तौल व मैगजीन बरामद

बठिंडा: थाना सिविल लाइन की पुलिस ने अवैध हथियार सहित एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के पास से 9 पिस्तौल और मैगजीन बरामद किए हैं। डीएसपी संदीप सिंह भाटी ने बताया कि आरोपी की पहचान मनिंदर सिंह उर्फ सरपंच निवासी गांव राजगढ़ कुबे जिला बठिंडा के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि थाना सिविल लाइन के सहायक थाना प्रभारी कुलविंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी द्वारा नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही थी।

इसी दौरान एक युवक पीठ पर बैग टांगे रिंग रोड के पास खड़ा दिखाई दिया। पुलिस पार्टी को देखकर वह घबरा गया। शक होने पर पुलिस ने उसे काबू कर बैग की तलाशी ली तो उसमें से 9 देसी रिवॉल्वर बरामद हुए। इनमें आठ .32 बोर और एक.30 बोर का रिवॉल्वर शामिल है। डीएसपी ने बताया कि आरोपी का पहले इंस्टाग्राम के जरिए किसी व्यक्ति से संपर्क हुआ था। बाद में उस व्यक्ति ने व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू की। इस दौरान अज्ञात व्यक्ति ने आरोपी को बताया कि मौड़ मंडी की दाना मंडी में एक बैग रखा है, जिसमें पिस्तौल हैं।

यदि वह बैग को बठिंडा पहुंचा देगा तो उसे 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। लालच में आकर युवक ने बैग पहुंचाने के लिए हामी भर दी। अज्ञात व्यक्ति द्वारा व्हाट्सएप के माध्यम से उसे वह स्थान बताना था, जहां बैग पहुंचाना था, लेकिन उससे पहले ही वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। डीएसपी संदीप सिंह भाटी ने बताया कि व्हाट्सएप नंबर की जांच की जा रही है कि वह किसके नाम पर और किस राज्य या शहर में चल रहा है। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जा रहा है ताकि मामले में और खुलासे हो सकें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें