Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

तेज रफ्तार ट्रक और आर्टिका कार की टक्कर, खत्म हो गया एक-साथ पूरा परिवार

February 8, 2026

तेज रफ्तार ट्रक और आर्टिका कार की टक्कर, खत्म हो गया एक-साथ पूरा परिवार

हरियाणा डेस्क: खुशियां कब मातम में बदल जाएं, कुछ कहा नहीं जा सकता। चंडीगढ़ में एक शादी समारोह में शामिल होकर हरियाणा के सिरसा लौट रहा एक परिवार पंजाब के मानसा में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। तेज रफ्तार ट्रक और आर्टिका कार की आमने-सामने की टक्कर इतनी भयानक थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर ही चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे में कार सवार 60 वर्षीय अशोक कुमार, उनकी पत्नी उषा रानी, 95 साल की सास राधा देवी और साली रीतू की मौके पर ही जान चली गई। कार चला रहे संदीप सिंह इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिरसा रेफर किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे शवों को बाहर निकाला गया और सभी मृतकों के शव सिविल अस्पताल सरदूलगढ़ भेजे गए।

पुलिस ने मृतकों के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। थाना सरदूलगढ़ के प्रभारी गणेश्वर कुमार शर्मा ने बताया कि फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है और एक ही परिवार की चार जिंदगियां एक झटके में खत्म हो गईं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें