
नरवाना: भारी बारिश से फसल, रिहायशी एवं पशुधन की क्षति का शीघ्र मिलेगा मुआवजा, एक रुपये का भी नहीं होने देंगे नुकसान : कृष्ण बेदी किसी का एक रुपये का भी नुकसान नहीं होने देंगे। मंत्री कृष्ण बेदी हरियल रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बात कर रहे थे। कृष्ण बेदी ने कहा कि किसान, गरीब, मजदूर तथा अन्य बरसात से प्रभावित लोग नुकसान के प्रति चिंता न करें। सरकार सभी प्रभावित इलाकों में हुई क्षति पर निगरानी कर रही है और इसके लिए गांव दर गांव तथा शहर में वार्ड स्तर पर ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खोल दिया गया है।
प्रभावित लोग बरसात से हुए अपने फसल, मकान तथा पशुधन के नुकसान का ब्यौरा संबंधित पोर्टल पर अपलोड करवाएं, ताकि उन्हें जल्द मुआवजा दिया जा सके। उन्होंने बताया कि अगस्त के अंतिम दिनों में भारी बरसात हुई है। इसके अलावा साथ लगते पंजाब, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली जैसे पड़ोसी राज्यों में बाढ़ की भयानक स्थिति बनी हुई है। जिसका असर हरियाणा में भी हुआ है। फिर भी सरकार एवं प्रशासन की चौकसी तथा राहत कार्यों से पंजाब की अपेक्षा हरियाणा में थोड़ा बचाव है। वर्तमान प्राकृतिक आपदा में लोगों की सुरक्षा एवं राहत के लिए प्रशासन का ग्राम सचिव से लेकर आईएएस अधिकारी तक निरंतर फिल्ड में है और प्रभावित लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि नरवाना में भी भारी बरसात से कई इलाकों में फसलों का नुकसान हुआ है, इसके लिए वे स्वयं तथा प्रशासन सहित सभी विभागीय अधिकारी स्थिति का मूल्यांकन कर रहे है। नरवाना में जल निकासी के सभी जगह प्रबंध किए हुए है। महत्वपूर्ण बात यह है कि नरवाना शहर में जलभराव की स्थिति पर घंटों में काबू पाया जा रहा है, जबकि पहले पानी निकासी के लिए सप्ताह भर लग जाता था। जब उनसे पूछा गया कि पानी निकासी के प्रबंध तो किए गए हैं, लेकिन ये पुख्ता तो नहीं है। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि यह समस्या पिछले कई सालों से है। धनौरी ड्रेन में शहर का सीवर का पानी डालने के लिए 27 किलोमीटर तक पाइप लाइन दबाने काम चालू है। अभी एसटीपी पर काम चल रहा है, उसके बनने के बाद इस प्रोजेक्ट का कार्य गति पकड़ लेगा और अगले सितंबर तक यह काम पूरा हो जाएगा। इस अवसर पर उनके निजी सहायक जसबीर नैन उपस्थित रहे।
फिर आई नरवाना को बेहतर बनाने की बात
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि इंडस्ट्रियल एरिया में पीने की पानी की समस्या का समाधान हो गया है। कह सकते हैं सरकार की तैयारी पहले से ज्यादा है और दूसरे प्रदेशों की अपेक्षा हमारे हरियाणा व नरवाना की स्थिति बेहतर है। बता दें कि विधानसभा चुनाव के दौरान एक गाना वायरल हुआ था कि भाजपा प्रत्याशी कृष्ण बेदी नरवाना को चंडीगढ़ बना देंगे। जिसकी गाहे बजाहे पक्ष विपक्ष में आज तक चचार्एं चलती हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सैनी की आनलाइन बैठक बारे बताते हुए कहा कि 12 सितंबर प्रधानमंत्री के जन्मदिन से महात्मा गांधी जयंती तक सरकार द्वारा सेवा पखवाड़ा चलाया जा रहा है। इसके लिए प्रदेश के 750 गांव छांटे जाएंगे, जिनमें लोगों के आयुष्मान कार्ड से लेकर सभी प्रकार की समस्याओं के जड़ मूल निराकरण की योजना बनाई जाएगी।