खैहरा को निशाना बनाने में कांग्रेस लीडरशिप बराबर की हिस्सेदार : जाखड़

अपने विधायक की गिरफ्तारी पर चुप्पी साधे रहने पर कांग्रेस पर बरसे भाजपा प्रधान।

जालंधर, (अशोक अनुज)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कांग्रेस विधायक सुखपाल खैहरा को एक नए केस में फिर से जेल में डालने पर सरकार के साथ-साथ कांग्रेस नेतृत्व को आड़ों हाथों लेते हुए कहा कि आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस नेतृत्व ने सुखपाल खैहरा की बलि ले ली है। उन्होंने कहा कि सुखपाल खैहरा कांग्रेस के किसान विंग के भी राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। सुनील जाखड़ ने उस केस को भी बोगस करार दिया जिस नए केस में सुखपाल खैहरा को गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया। सुनील जाखड़ ने दावा किया कि सुखपाल खैहरा पंजाब सरकार के खिलाफ खुलकर बोलते थे और कांग्रेस ने आप से गठबंधन करना था। ऐसे में खैहरा की जुबान बंद करने के लिए ही ऐसा किया गया।

अगर ऐसा नहीं था तो खैहरा के की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस हाईकमान की जुबान बंद क्यों है? इतना ही नहीं पंजाब कांग्रेस ने भी खैहरा की दोबारा गिरफ्तारी पर कोई धरना प्रदर्शन क्यों नहीं किया है। सुनील जाखड़ ने कहा कि जेल में बंद गैंगस्टर के इंटरव्यू के वीडियो शेयर हो सकते हैं, उनकी पार्टियों के वीडियो जेल से शेयर हो सकते हैं तो फिर सुखपाल खैहरा के जो सरकार के खिलाफ मुखर होकर बोलने के बोल क्यों बाहर नहीं आ रहे? यानि सरकार जो चाहती है जेल से वही बाहर आता है। दिल्ली में मोहल्ला क्लीनिक के नाम पर पकड़े गए फर्जीवाड़े पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब पंजाब के मोहल्ला क्लीनिकों का फर्जीवाड़ा भी सामने आएगा।

इस मौके पर भाजपा के पंजाब के प्रभारी एवं गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी, भाजपा के प्रदेश महामंत्री राकेश राठौर, दयाल सिंह सोढी, परमिंदर बराड़, प्रदेश उपाध्यक्ष के.डी. भंडारी, राजेश बाघा, भाजपा के जिला प्रधान सुशील शर्मा, जिला महासचिव राजेश कपूर, अशोक सरीन, अमरजीत सिंह गोल्डी, जिला उपाध्यक्ष मनीष विज, युवा मोर्चा जिला प्रधान पंकज जुल्का, मीडिया जिला मीडिया प्रभारी तरु ण कुमार, संजीव कुमार टिक्का, मनोज अग्रवाल व अन्य लोेग मौजूद थे।

- विज्ञापन -

Latest News