जालंधर: डीएवी कॉलेज जालंधर में पंजाबी गायक निज्जर के नए गाने की शूटिंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि शूटिंग के दौरान गन कल्चर को प्रमोट किया गया। इस मामले में प्रोफेसर एमपी सिंह ने डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया और डीएवी मैनेजमेंट कमेटी को लिखित शिकायत भेजकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
प्रोफेसर एमपी सिंह ने कहा कि वह लंबे समय से गन कल्चर के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। ऐसे में शिक्षण संस्थान डीएवी कॉलेज में हथियारों को बढ़ावा देने वाली शूटिंग से उन्हें काफी आहत हुआ है। उन्होंने कहा कि कॉलेज से कई प्रतिष्ठित गायक और अधिकारी शिक्षा प्राप्त कर चुके हैं, इसलिए परिसर में इस तरह की शूटिंग चिंता का विषय है।
एमपी सिंह के अनुसार, एक प्रोफेसर से बातचीत के दौरान उन्हें बताया गया कि पिछले छह महीने से वेतन नहीं मिला है, जबकि शूटिंग के लिए कॉलेज को पैसे मिल रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि शूटिंग से मिलने वाली राशि कहां जा रही है और इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने डीएवी मैनेजमेंट को दिल्ली में पत्र भेजने के साथ डीसी वरजीत वालिया से भी जांच की अपील की है।
एमपी सिंह ने कहा कि शूटिंग के दौरान अगर गोली चलने जैसी घटना हो जाए तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी। उन्होंने गन कल्चर को लेकर हाईकोर्ट की सख्ती का हवाला देते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बताया कि शिकायत देने के बावजूद अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है।
📍 Location: जालंधर शास्त्री मार्केट चौक (जालंधर)