Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब से नशों का होगा पूरी तरह से खात्मा; नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी: Laljit Singh Bhullar

May 3, 2025

पंजाब से नशों का होगा पूरी तरह से खात्मा; नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी: Laljit Singh Bhullar

चंडीगढ़/तरनतारन: पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री स भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य से नशों का पूरी तरह से खात्मा किया जाएगा और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उनकी अवैध संपत्तियाँ भी जब्त की जा रही हैं। यह बात पंजाब के कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने आज “युद्ध नशों विरुद्ध” मुहिम के अंतर्गत पुलिस लाइन ग्राउंड, तरनतारन में आयोजित “पिंड दे पहरेदार” कार्यक्रम में उपस्थित ग्राम और वार्ड रक्षा कमेटीयों के सदस्यों, पंचों व सरपंचों को संबोधित करते हुए कही।

इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के कार्यकारी प्रधान और हलका बटाला के विधायक अमनशेर सिंह कलसी, हलका विधायक खेमकरण सरवन सिंह धुन्न, हलका विधायक तरनतारन डॉ. कश्मीर सिंह सोहल, डिप्टी कमिश्नर श्री राहुल, एसएसपी अभिमन्यु राणा के अलावा नशा मुक्ति मोर्चा की माझा कोऑर्डिनेटर सोनिया मान, ज़िला कोऑर्डिनेटर अमिंदर ऐमी और बड़ी संख्या में जिलावासी मौजूद थे। इस दौरान मंत्री स. भुल्लर ने सभी उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई और नशा तस्करों को चेतावनी दी कि या तो वे यह ज़हर का कारोबार बंद कर दें या पंजाब छोड़ दें। उन्होंने कहा कि ऐसे समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा “युद्ध नशों विरुद्ध” मुहिम के अंतर्गत प्रदेशभर में नशा तस्करों को जड़ से खत्म किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने पुलिस को नशा कारोबारियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई के निर्देश देते हुए खुली छूट दी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे गाँवों, वार्डों, गलियों और मोहल्लों में लोगों को नशे के बुरे प्रभावों के प्रति जागरूक करें और किसी भी नशा तस्कर की सूचना पुलिस को दें, ताकि उसके खिलाफ सख्त कदम उठाया जा सके। मंत्री ने कहा कि “पिंड दे पहरेदार” यानी गाँवों और वार्डों की रक्षा कमेटीयों के सदस्य इस निर्णायक लड़ाई में अगुआ बनें और अपने-अपने क्षेत्रों में नशे के खिलाफ अभियान चलाएँ। उन्होंने कहा कि पंचायतें ऐसे प्रस्ताव पारित करें कि नशा बेचने वालों को किसी प्रकार की ज़मानत नहीं दी जाएगी।

इस अवसर पर स. भुल्लर ने कहा कि पंजाब सरकार पूरी गंभीरता और एकजुटता से काम कर रही है। नशों के खिलाफ जारी इस युद्ध के तहत गाँव रक्षा कमेटियां बनाई गई हैं, जिनमें पंच-सरपंच और अन्य सदस्यों को शामिल किया गया है जो इस अभियान में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि मुख्यमंत्री स भगवंत मान के नेतृत्व में यह लड़ाई नशा तस्करों के खात्मे तक जारी रहेगी। उन्होंने ग्राम रक्षा कमेटियों, पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे गाँवों के पहरेदार बनकर नशा पीड़ितों के इलाज और पुनर्वास में सरकार की मदद करें, ताकि ऐसे लोगों को मुख्यधारा में जोड़कर उन्हें नया जीवन दिया जा सके।

स. भुल्लर ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार पंजाब के पानी पर डाका डालना चाहती है और राज्य को एक बार फिर काले दौर में धकेलने की कोशिश कर रही है, लेकिन पंजाब सरकार इस पर डटकर विरोध करेगी और राज्य के हिस्से का पानी बाहर नहीं जाने देगी। आम आदमी पार्टी के कार्यकारी प्रधान एवं विधायक अमनशेर सिंह कलसी ने कहा कि आज जरूरत है कि हम गाँव-गाँव जाकर अपनी युवा पीढ़ी को बचाएँ। मुख्यमंत्री स भगवंत मान के नेतृत्व में जो निर्णायक लड़ाई लड़ी जा रही है, उसमें जनता की भागीदारी आवश्यक है।

विधायक खेमकरण सरवन सिंह धुन्न ने कहा कि सरकार हमारे युवाओं की चिंता कर रही है और यह लड़ाई हमारी अस्मिता की लड़ाई है, जिसमें जनता का साथ ज़रूरी है। विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल ने कहा कि नशा समाज की गंभीर समस्या है और इसके खात्मे के लिए जन आंदोलन की ज़रूरत है। उन्होंने ग्राम व वार्ड रक्षा कमेटीयों के सदस्यों से अपील की कि वे इस मुहिम का हिस्सा बनें और लोगों को नशों के बुरे प्रभावों के बारे में जागरूक करें।

डिप्टी कमिश्नर श्री राहुल ने जिले में चल रही जन-जागरूकता मुहिम, समितियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों, नशा पीड़ितों के इलाज, पुनर्वास तथा 7 मई से जिलाभर में शुरू होने वाली नशा मुक्ति यात्रा की जानकारी दी और लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की। एसएसपी अभिमन्यु राणा ने अब तक की गई गिरफ्तारियों, बरामद किए गए नशे और नशा तस्करों की संपत्ति ज़ब्त करने की जानकारी साझा की और इस मिशन में जनता से सहयोग की अपील की।

इस मौके पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर जनरल राजदीप सिंह बराड़, एडीसी विकास संजीव शर्मा, एसडीएम तरन तारन अरविंदर पाल सिंह, एसडीएम पट्टी इंदरप्रीत सिंह, सहायक कमिश्नर जनरल डॉ. करनवीर सिंह के अलावा पंजाब वेयरहाउस कॉरपोरेशन के चेयरमैन गुरदेव सिंह लाखणा, ज़िला योजना समिति के चेयरमैन गुरविंदर सिंह बहिड़वाल, जल संसाधन बोर्ड के चेयरमैन रणजीत सिंह चीमा, वाइस चेयरमैन फॉरेस्ट कॉरपोरेशन गुरदेव सिंह संधू, चेयरमैन दिलबाग सिंह, पीएसपीसीएल डायरेक्टर जसबीर सिंह सुरसिंह और ज़िला प्रधान अंजू वर्मा भी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें- Himachal Crime: शिमला में रंजिश के चलते भाई ने की भाई हत्या, श्मशानघाट के पास मिला शव

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें