Last Updated: October 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

Jalandhar में ED की बड़ी कार्रवाई, रिची ट्रैवल के मालिक के घर और दफ्तर पर की छापेमारी

December 18, 2025

Jalandhar में ED की बड़ी कार्रवाई, रिची ट्रैवल के मालिक के घर और दफ्तर पर की छापेमारी

Jalandhar News: जालंधर से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने डंकी रूट के जरिए लोगों को अवैध रूप से अमेरिका भेजने वाले ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में जालंधर स्थित रिची ट्रैवल के दफ्तर और उसके मालिक के घर पर ED ने छापेमारी की है।

जानकारी के मुताबिक, ED की टीम ने बस स्टैंड के पास स्थित रिची ट्रैवल के कार्यालय और जसवंत नगर इलाके में मालिक के आवास पर तलाशी अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।

कई राज्यों में एक साथ रेड

ED की यह कार्रवाई केवल जालंधर तक सीमित नहीं रही। जांच एजेंसी ने पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में कुल 13 ट्रैवल एजेंटों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। सूत्रों के अनुसार, जालंधर की रिची ट्रैवल्स के अलावा दिल्ली में तरुण खोसला और पानीपत में बलवान शर्मा के घरों व दफ्तरों पर भी रेड की गई है।

पहले भी जब्त हो चुकी है करोड़ों की संपत्ति

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही ED ने फर्जी ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 5.41 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की थी। माना जा रहा है कि यह रकम अवैध इमिग्रेशन और हवाला के जरिए जुटाई गई थी।

डिपोर्ट किए गए भारतीयों से खुला पूरा नेटवर्क

ED ने यह जांच उन एफआईआर के आधार पर शुरू की थी, जो फरवरी 2025 में अमेरिका से 330 भारतीय नागरिकों के डिपोर्ट होने के बाद दर्ज की गई थीं। इन सभी लोगों को अमेरिकी सेना के कार्गो विमान से भारत वापस भेजा गया था।

ये भी पढ़ें: Ludhiana News: नहर में मिली मेडिकल स्टूडेंट की लाश, चार दिन से था लापता

डंकी रूट से भेजे जाते थे लोग

जांच में सामने आया है कि इन भारतीयों को डंकी रूट के जरिए गैरकानूनी तरीके से अमेरिका पहुंचाया गया था। इसके पीछे ट्रैवल एजेंटों, बिचौलियों, डंकरों, विदेशों में बैठे सहयोगियों, हवाला ऑपरेटरों और रहने-खाने की व्यवस्था कराने वाले लोगों का एक संगठित नेटवर्क सक्रिय था। फिलहाल ED की कार्रवाई जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें