लुधियाना: फ्लैट्स देने के नाम पर करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी के मामले में हीरो रियल्टी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के डायरैक्टर सुनील कांत मुंजाल और कंपनी के सेल्स हैड के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज हुई है। कंपनी के डायरैक्टर और सेल्स हैड पर आरोप लगा है कि चार फ्लैट के लिए दो करोड़ 41 लाख 13 हजार 602 रुपए पेमैंट हासिल करने के बावजूद भी न ही कोई फ्लैट दिया गया और न ही पेमैंट वापस की गई। इस मामले में थाना सराभा नगर की पुलिस ने न्यू माधोपुरी निवासी फालिताश जैन की शिकायत के आधार पर हीरो रियल्टी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के डायरैक्टर सुनील कांत मुंजाल और कंपनी के सेल्स हैड निखिल जैन के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को मई महीने में शिकायत सौंपी थी। पुलिस ने जांच उपरांत अब मामला दर्ज किया है। इस संबंधी शिकायतकर्ता फालिताश जैन और उनके वकील अर्पण जैन ने पत्रकार वार्ता में विस्तृत जानकारी दी। फालिताश जैन ने बताया कि वह हौजरी कारोबारी है। उन्होंने बताया कि हीरो होम्ज में फ्लैट खरीदने के लिए अप्रैल 2017 में कंपनी के ऑफिस में सेल्स हैड निखिल जैन को मिलकर सारी जानकारी हासिल की। उसके बाद फ्लैट पसंद आने पर चार फ्लैट खरीदने के लिए निखिल जैन के कहने पर कंपनी को बतौर टोकन मनी दो लाख रु पए कंपनी के खाते में ट्रांसफर कर दिए। उसके बाद 28 फरवरी 2018 को कंपनी के खाते में 28 लाख रुपए ट्रांसफर किए, जिसके बाद कंपनी से चार फ्लैट खरीदने के लिए कंपनी के साथ 27 अप्रैल 2018 को तीन करोड़ का एग्रीमैंट साइन किया गया।
इस दौरान कंपनी द्वारा उनके नाम पर फाइनांस कंपनी से एक करोड़ 80 लाख रुपए का लोन करवाया गया, जोकि सारी पेमैंट कंपनी के बैंक खाते में ट्रांसफर हुई। एग्रीमैंट के मुताबिक जब तक आवेदक को फ्लैट नहीं मिल जाते, तब तक का लोन का सारा ब्याज कंपनी की तरफ से अदा किया जाना था। उस एग्रीमैंट के मुताबिक आवेदक को चारों फ्लैट 31 मार्च 2020 तक तैयार कर सौंपने थे, जोकि अभी तक मुकम्मल नहीं हुए। फाइनांस कंपनी से लोन होने से 11 महीने बाद ही कंपनी ने फाइनांस कंपनी को लोन का ब्याज देना बंद कर दिया, जिस कारण आवेदक का लोन सिब्बल खराब होना शुरू हो गया, जिस कारण आवेदक ने अपने लोन के सिब्बल को बचाने के लिए निजी खातों में से मार्च 2019 से लेकर सितंबर 2021 तक कुल रकम 34 लाख 69 हजार 476 रुपए का ब्याज फाइनांस कंपनी को अदा किया।
इसके बावजूद भी हीरो कंपनी ने अक्तूबर 2021 को आवेदक को फ्लैट कैंसिल करने का लैटर भेज दिया। उसमे कंपनी ने बताया कि आवेदक ने पूरी पेमैंट जमा नहीं करवाई है, इसलिए चारों फ्लैट कैंसिल किए जा रहे हैं। उसके बाद आवेदक ने कम्पनी से ई-मेल के माध्यम से सम्पर्ककर कहा कि कंपनी एग्रीमैंट के मुताबिक उन्हें चारों फ्लैट मुकम्मल कर सौंपें, तभी वह पूरी पेमैंट दे सकेगा लेकिन कंपनी ने चारों फ्लैट का काम मुकम्मल नहीं करवाया, जबकि कंपनी को चार फ्लैट खरीदने के बदले में दो करोड़ 41 हजार 13 हजार 602 रुपए पेमैंट दी जा चुकी थी।
आवेदक ने कंपनी द्वारा फ्लैट कैंसिल का लैटर मिलने के बाद फाइनांस कंपनी को लोन की किश्तें देनी बंद कर दी, जिस कारण आवेदक का लोन सिब्बल भी खराब हो गया। शिकायतकर्ता फालिताश जैन ने बताया कि कंपनी ने उसे चार फ्लैट देने के बदले में करोड़ों रुपए की पेमैंट भी हासिल कर फ्लैट नहीं सौंपे। इस कारण उसे काफी आर्थिक नुक्सान पहुंचा है, जिसके बाद उसने पुलिस को शिकायत सौंप दी और पुलिस ने जांच उपरांत कंपनी के डायरैक्टर और सेल्स हैड के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज कर दी है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...