Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमृतसर के वेरका में फायरिंग, 3 आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में गोली लगने से 1 घायल

May 6, 2026

अमृतसर के वेरका में फायरिंग, 3 आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में गोली लगने से 1 घायल

अमृतसर : पंजाब में एक बार फिर मुठभेड़ की घटना सामने आई है। कमिश्नरेट पुलिस ने अमृतसर के वेरका इलाके में हुई फायरिंग की घटना पर तुरंत और सख्त कार्रवाई करते 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से एक आरोपी घायल हो गया। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 5 मई को वेरका में रेलवे क्रॉसिंग के पास पेट्रोलिंग करते समय पुलिस टीम को वेरका बस स्टैंड पर 2 पार्टियों के बीच लड़ाई और फायरिंग की सूचना मिली थी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां शिकायत करने वालों ने बताया कि वे पैदल जा रहे थे, तभी 2 गाड़ियां (एक काली और एक सफेद) उनके पास आकर रुकीं। उनमें से 8-9 लोग उतरे, जिनमें से 2 के पास पिस्टल, 2 के पास तेजधार हथियार (दातर) थे, जबकि बाकी खाली हाथ थे। आरोपी नव ने पहले हवा में फायरिंग की और फिर शिकायतकर्ता को जान से मारने के इरादे से उस पर 2 गोलियां चलाईं, लेकिन शिकायतकर्ता बच गया और शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग गया।

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि आगे की कार्रवाई के दौरान इंस्पेक्टर बलजिंदर सिंह की लीडरशिप में पुलिस टीम आरोपी नव के घर पहुंची। इस दौरान 5-6 आरोपी पैदल आते दिखे और पुलिस को देखते ही उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों का पीछा किया। 2 आरोपी बस स्टैंड के पास खड़ी एक कार में भागने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान आरोपी कृष्ण सोनिक ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग की। हालात को कंट्रोल करने के लिए पुलिस ने पहले हवा में फायरिंग की, लेकिन जब आरोपी ने दोबारा फायरिंग की तो पुलिस ने भी अपने बचाव में जवाबी फायरिंग की, जिसमें कृष्ण सोनिक के दोनों पैरों में गोलियां लगीं। उसका हथियार नीचे गिर गया, जिसे उसके साथी रंजीत सिंह उर्फ बॉबी ने उठाया और फायरिंग करते हुए भाग गया, जबकि घायल कृष्ण सोनिक को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

घायल आरोपी को तुरंत सिविल हॉस्पिटल अमृतसर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आगे की कार्रवाई में रंजीत सिंह उर्फ बॉबी और गौतम मेहरा को भी गिरफ्तार किया है। रंजीत सिंह की निशानदेही पर एक .32 बोर की पिस्तौल भी बरामद की गई है। इस मामले में वेरका थाने में FIR नंबर 48 तारीख 05-05-2026 के तहत BNS और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की पूरी जांच कर रही है और दूसरे साथियों की तलाश जारी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें