Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिन-दिहाड़े आटा मिल की गाड़ी पर हमला, चालक से 90 हजार रुपए लूटे

November 5, 2026

दिन-दिहाड़े आटा मिल की गाड़ी पर हमला, चालक से 90 हजार रुपए लूटे

जालंधर : महानगर में लूटपाट की वारदातें लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला गाखलां पुली के पास का बताया जा रहा है, जहां कार सवार चार युवकों ने आटा मिल की बोलैरो गाड़ी को रोककर चालक विनोद के साथ मारपीट की और उससे 90 हजार रुपए की नकदी लूटकर फरार हो गए। हमले में चालक घायल हो गया। वारदात के बाद पीड़ित को पुलिस थाने की सीमा का पता लगाने के लिए भी कई घंटे परेशान होना पड़ा।

विनोद ने बताया कि वह सिद्धू फ्लोर मिल की बोलैरो गाड़ी लेकर दिन के करीब 1 बजे बस्ती बावा खेल नहर के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान पीबी08एच3104 नंबर की मारुति कार में सवार चार युवक अचानक उसकी गाड़ी के सामने आ गए। आरोप है कि कार सवार युवकों ने बोलैरो को रुकवाकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने उसे बुरी तरह पीटा और गाड़ी में रखी करीब 90 हजार रुपए की नकदी लेकर मौके से फरार हो गए।

घटना में घायल विनोद को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इस वारदात में सबसे हैरानी वाली बात यह रही कि लूट की घटना दिन के करीब 1 बजे हुई, लेकिन शाम 5 बजे तक पीड़ित को यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि घटनास्थल किस पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आता है, ताकि वह अपनी शिकायत दर्ज करवा सके। बताया जा रहा है कि वारदात गाखलां पुली के पास हुई थी। शाम करीब 5 बजे थाना डिवीजन नंबर-5 के ड्यूटी ऑफिसर मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना करने के बाद विनोद को बताया कि यह इलाका थाना लांबड़ा के अधीन आता है।

विनोद के अनुसार, वारदात के बाद उसे लूटी गई नकदी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करवाने के लिए पुलिस थाने की सीमा को लेकर काफी समय तक परेशान होना पड़ा। दिन-दिहाड़े हुई इस वारदात और शिकायत दर्ज करवाने में हुई देरी को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़ित ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने और लूटी गई रकम बरामद करने की मांग की है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें