दिड़बा मंडी : पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने दिड़बा में 2 करोड़ रुपए की लागत से नवनिर्मित ‘बाबा साहेब डॉ. भीमराव आम्बेडकर कम्यूनिटी हॉल’ का उद्घाटन कर इसे क्षेत्रवासियों को समर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह कम्यूनिटी हॉल विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित होगा। यहां लोग अपने पारिवारिक एवं सामाजिक समारोह आधुनिक सुविधाओं के साथ सम्मानजनक ढंग से आयोजित कर सकेंगे।
चीमा ने कहा कि गुरु साहिबानों और भारतीय संविधान के निर्माता बाबा साहेब डॉ. बी.आर. आम्बेडकर द्वारा समाज के दबे-कुचले, गरीब और पिछड़े वर्गों को सामाजिक समानता तथा सम्मान दिलाने के लिए दिया गया संदेश आज भी पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के आदर्शों पर चलते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाना पंजाब सरकार की प्राथमिकता है।
कम्यूनिटी हॉल की विशेषताओं के बारे में जानकारी देते हुए वित्त मंत्री ने बताया कि विधानसभा हलका दिड़बा के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को अब अपने बच्चों के विवाह-शादियों, शगन समारोहों तथा अन्य खुशी-गमी के कार्यक्रमों के लिए महंगे निजी पैलेसों या दूर-दराज के स्थानों पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह हॉल उन्हें अपने सामाजिक और पारिवारिक समारोह सुविधाजनक तथा सम्मानजनक ढंग से आयोजित करने के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध करवाएगा।
उन्होंने बताया कि 2 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इस आधुनिक परिसर में एक साथ 300 से 500 लोगों के बैठने और कार्यक्रम आयोजित करने की व्यवस्था की गई है। कम्यूनिटी हॉल में दो कमरे, कार्यालय, बाथरूम, शौचालय तथा वाहनों की पार्किंग सहित सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। उन्होंने कहा कि हॉल की देखरेख और सुचारू संचालन की जिम्मेदारी स्थानीय कमेटी को सौंपी जाएगी, ताकि क्षेत्र के लोग लंबे समय तक इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
वित्त मंत्री ने यह भी घोषणा की कि दिड़बा में 7.5 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से बनकर तैयार हुआ अत्याधुनिक इंडोर खेल स्टेडियम भी बहुत जल्द खिलाड़ियों और आम लोगों को समर्पित कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस स्टेडियम में एक साथ 11 विभिन्न खेलों के मुकाबले और प्रशिक्षण गतिविधियां आयोजित की जा सकेंगी। यह स्टेडियम क्षेत्र के युवाओं को उच्च स्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस मौके पर ओएसडी तपिंदर सिंह सोही, नगर पंचायत अध्यक्ष मनिंदर सिंह, ट्रेड कमिशन मैंबर राजेश कुमार गोप,ऐक्शन पीडब्ल्यूडी अजय गर्ग, डीएसपी दिड़बा वीर इंद्र सिंह, एसडीओ दलजीत सिंह निरमान,जेई साहिल, एमसी सुशील कुमार मटरु, एमसी टीटू शर्मा, एमसी बलविंदर सिंह,चरना सिंह, कमेटी मेंबर बेअंत सिंह, जसवीर सिंह,जगसीर सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी, अलग-अलग पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।