Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों की डबल गोल्ड जीत ऐतिहासिक: नितिन कोहली

October 6, 2026

भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों की डबल गोल्ड जीत ऐतिहासिक: नितिन कोहली

जालंधर: हॉकी इंडिया के उपाध्यक्ष और हॉकी पंजाब के अध्यक्ष नितिन कोहली ने मंगलवार को दिल्ली में आयोजित बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में आगामी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों द्वारा गोल्ड मेडल जीतने की ऐतिहासिक उपलब्धि का भी जश्न मनाया गया।

नितिन कोहली ने दोनों टीमों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि पुरुष और महिला टीमों की डबल गोल्ड मेडल जीतना देश और भारतीय हॉकी के लिए बेहद गर्व और ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ की मेहनत और एशियन गेम्स के लिए की गई व्यापक तैयारियों का परिणाम है।

कोहली ने हॉकी इंडिया की चयन समिति के सदस्यों डॉ. आर.पी. सिंह, मोहम्मद रियाज, एम.एम. सोमैया और बलविंदर सिंह शम्मी के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हॉकी के अनुभव और समझ ने मजबूत टीमों के चयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष और महिला टीमों का गोल्ड जीतना भारतीय हॉकी को नई मजबूती देगा। इससे देशभर के खिलाड़ियों, विशेषकर पंजाब के युवा हॉकी खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

बैठक में आगामी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम की तैयारियों को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। कोहली ने कहा कि एशियन गेम्स से मिली सफलता की गति को बरकरार रखते हुए भारतीय हॉकी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार नई उपलब्धियां हासिल करनी चाहिए।

📍 Location: नई दिल्ली (जालंधर)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें