Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

होशियारपुर : गेटमैन के पटाखे पर पैर रखने से विस्फोट, जालंधर-जम्मू खंड पर रेल यातायात प्रभावित

March 1, 2024

होशियारपुर : गेटमैन के पटाखे पर पैर रखने से विस्फोट, जालंधर-जम्मू खंड पर रेल यातायात प्रभावित

टांडा उड़मुड़। जानवरों को भगाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले एक पटाखा के होशियारपुर में रेलवे फाटक पर फट जाने के बाद बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया और जालंधर-जम्मू खंड पर ट्रेनों की आवाजाही करीब 3 घंटे तक प्रभावित रही। पुलिस ने यह जानकारी दी। जालंधर में राजकीय रेलवे पुलिस के उपनिरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि ‘गेटमैन’ ने अनजाने में पटाखे पर पैर रख दिया, जिससे कम तीव्रता वाला विस्फोट हो गया। विस्फोट में ‘गेटमैन’ को मामूली चोट आई है। अधिकारियों ने बताया कि पूरे इलाके की सघन जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि रेल खंड के गेट नंबर 71 के पास जो विस्फोटक पाया गया वह एक पटाखा प्रतीत होता है, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर फसलों को बचाने के लिए जंगली जानवरों, विशेषकर जंगली सूअरों को भगाने के लिए किया जाता है। पुलिस के मुताबिक डरने की कोई वजह नहीं है।

होशियारपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुरेंद्र लांबा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि ये पटाखा गंधक-पोटाश (पोटेशियम नाइट्रेट और सल्फर) के मिश्रण का उपयोग करके बनाया गया था। उन्होंने बताया कि विस्फोट की गहन जांच के लिए फोरैंसिक टीम को भी बुलाया गया। अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश का रहने वाला ‘गेटमैन’ सोनू कुमार विस्फोट में मामूली रूप से घायल हुआ। सोनू, वर्तमान में खुड्डा गांव में रेलवे क्वार्टर में रहता है। उन्होंने बताया कि कुमार को खुड्डा के ही एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें